झारखंड के कोडरमा जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगलों में चल रही कई अवैध महुआ शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई तिलैया थाना क्षेत्र के गझंडी, हथुआधारण और जरगा के जंगली इलाकों में की गई, जहां लंबे समय से अवैध महुआ शराब निर्माण का धंधा संचालित हो रहा था।
पुलिस को लगातार मिल रही गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष के निर्देश पर तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। मंगलवार को पुलिस टीम ने एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस की कार्रवाई देखते ही शराब कारोबारियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 11 प्लास्टिक जार में रखा लगभग 220 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद किया। इसके अलावा बिरहोर टोला स्थित तिलैया बस्ती के एक चाय-नाश्ता दुकान से भी 10 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। इस प्रकार कुल 230 लीटर अवैध महुआ शराब पुलिस ने बरामद किया।
पुलिस की कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। अभियान के दौरान 300 और 500 लीटर क्षमता वाले करीब 70 बड़े प्लास्टिक सिंटेक्स टैंकों में रखा लगभग 6700 किलोग्राम जावा महुआ भी बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर ही पूरे जावा महुआ को नष्ट कर दिया ताकि दोबारा इसका इस्तेमाल शराब निर्माण में न हो सके।
अवैध शराब निर्माण में उपयोग किए जा रहे ड्रम, पाइप, बड़े बर्तन और अन्य उपकरणों को भी पुलिस ने जब्त कर लिया। साथ ही जंगलों में बनाई गई कई अस्थायी भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया गया। पुलिस के अनुसार जब्त और नष्ट की गई सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख 49 हजार रुपये है।
इस पूरे मामले में तिलैया थाना में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस फरार कारोबारियों की पहचान करने