मंत्री हफीजुल हसन अंसारी ने नेमरा पहुंचकर माता रूपी सोरेन जी को अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी से मिलकर व्यक्त की शोक संवेदनाएं।

आज झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण विभाग एवं जल संसाधन विभाग के माननीय मंत्री श्री हफीजुल हसन अंसारी जी ने माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी के पैतृक गांव नेमरा पहुंचकर झारखंड आंदोलन के महानायक एवं पद्म भूषण से सम्मानित स्वर्गीय दिशोम गुरु बाबा शिबू सोरेन जी की धर्मपत्नी तथा माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी की पूजनीय माताश्री, स्वर्गीय श्रीमती रूपी सोरेन जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी से मुलाकात कर अपनी गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।

उन्होंने कहा माता रूपी सोरेन जी का निधन सोरेन परिवार के साथ-साथ संपूर्ण झारखंड के लिए एक अपूरणीय क्षति है। दिशोम गुरु बाबा शिबू सोरेन जी के संघर्षपूर्ण जीवन की सच्ची सहधर्मिणी के रूप में उन्होंने त्याग, समर्पण, धैर्य और निष्ठा के साथ परिवार को संबल प्रदान किया। उनका स्नेह, ममत्व, सादगी और संस्कार सदैव स्मरणीय रहेंगे। उनके व्यक्तित्व की आत्मीयता और परिवार के प्रति उनका समर्पण हमेशा लोगों के हृदय में जीवित रहेगा।

इस दुःखद घड़ी में मंत्री श्री हफीजुल हसन अंसारी जी ने शोक-संतप्त सोरेन परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। मां का साया उठ जाना जीवन की ऐसी अपूरणीय पीड़ा है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं। माता रूपी सोरेन जी का निधन एक ऐसे स्नेहमयी व्यक्तित्व का अवसान है, जिनकी स्मृतियां सदैव परिवार और शुभचिंतकों के हृदय में जीवंत रहेंगी।

ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी सहित समस्त शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति, धैर्य और संबल प्रदान करें।
विनम्र श्रद्धांजलि एवं शत-शत नमन। 🙏