लोहरदगा जिले के अनुसूचित जनजाति वर्ग के लाभुकों को पशु एवं पक्षी वितरण का लाभ दिया जाएगा। जिले को कुल 55 लाभुकों का लक्ष्य आवंटित किया गया है। योजना के तहत यह लाभ लाभुकों को शत-प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराया जाएगा।
लोहरदगा: वित्तीय वर्ष 2026-27 में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के अंतर्गत लोहरदगा जिले के अनुसूचित जनजाति वर्ग के लाभुकों को पशु एवं पक्षी वितरण का लाभ दिया जाएगा। इसके लिए जिले को कुल 55 लाभुकों का लक्ष्य आवंटित किया गया है। योजना के तहत यह लाभ लाभुकों को शत-प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराया जाएगा।
योजना के अंतर्गत पांच प्रकार की योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। इनमें बकरा विकास योजना (4+1 इकाई), सूकर विकास योजना (4+1 इकाई), बैकयार्ड लेयर कुक्कुट पालन योजना (400 लेयर), ब्रॉयलर कुक्कुट पालन योजना (500 ब्रॉयलर) तथा बत्तख चूजा वितरण योजना (15 चूजा) शामिल हैं। प्रत्येक योजना के तहत 11-11 लाभुकों का चयन किया जाएगा।
प्रखंडवार निर्धारित लक्ष्य इस प्रकार है :
- लोहरदगा – 10 लाभुक
- भंडरा – 05 लाभुक
- सेन्हा – 05 लाभुक
- कुडू – 08 लाभुक
- किस्को – 10 लाभुक
- कैरो – 05 लाभुक
- पेशरार – 12 लाभुक
इस प्रकार जिले में कुल 55 लाभुकों को योजना से आच्छादित किया जाएगा।
पात्रता एवं आवेदन की प्रक्रिया
लोहरदगा जिला के अनुसूचित जनजाति जिनकी उम्र कम-से-कम 50 वर्ष हो, इस योजना का लाभ लेने के लिए योग्य होंगे। इच्छुक लाभुक दिनांक 10 नवंबर 2026 तक संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी के कार्यालय में अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।
आवेदन के साथ जाति प्रमाण पत्र, स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र एवं अद्यतन आधार कार्ड की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा। आधार कार्ड में मोबाइल नंबर का लिंक होना भी आवश्यक है।
निर्धारित तिथि के पश्चात प्राप्त आवेदनों पर किसी भी परिस्थिति में विचार नहीं किया जाएगा।
जिला प्रशासन की ओर से पात्र लाभुकों से निर्धारित समयावधि में आवेदन जमा कर योजना का लाभ उठाने की अपील की गई है।