झारखंड स्टेट बार काउंसिल को नया अध्यक्ष मिल गया है. बुधवार को हुए चुनाव में अभय कुमार चतुर्वेदी ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की. उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी निलेश कुमार को पांच मतों के अंतर से पराजित किया.
रांचीः झारखंड स्टेट बार काउंसिल को नया अध्यक्ष मिल गया है. बुधवार को हुए चुनाव में अभय कुमार चतुर्वेदी ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की. उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी निलेश कुमार को पांच मतों के अंतर से पराजित किया. वहीं, रिंकू भकत उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए. दूसरी ओर, प्रशांत कुमार सिंह ने बार काउंसिल ऑफ इंडिया यानी BCI के सदस्य पद पर एक बार फिर जीत हासिल कर अपनी जगह बरकरार रखी. चुनाव के नतीजों की आधिकारिक घोषणा चीफ रिटर्निंग ऑफिसर जस्टिस अंबुज नाथ ने दी.
अभय कु.चतुर्वेदी को मिले 15 वोट, निलेश कुमार को 10
झारखंड स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य पद के लिए बुधवार सुबह 11:15 बजे मतदान शुरू हुआ. चुनाव में काउंसिल के 25 सदस्यों के अलावा राज्य के महाधिवक्ता रोहिताश्य रॉय ने भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया. इस तरह कुल 26 मतदाताओं ने चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लिया.
अध्यक्ष पद के लिए अभय कुमार चतुर्वेदी और निलेश कुमार के बीच सीधा मुकाबला था. मतगणना के बाद अभय कुमार चतुर्वेदी को 15 मत मिले, जबकि निलेश कुमार के पक्ष में 10 वोट पड़े. एक मत खाली रहा. इस तरह अभय कुमार चतुर्वेदी ने पांच मतों के अंतर से जीत हासिल कर बार काउंसिल के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी अपने नाम कर ली.
रिंकू भकत 10 वोट हासिल कर बने उपाध्यक्ष
उपाध्यक्ष पद के लिए चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे. इसमें रिंकू भकत ने सर्वाधिक 10 मत हासिल कर जीत दर्ज की. उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी एमके श्रीवास्तव को नौ वोट मिले. वहीं, मधुलता को चार और अनिल महतो को दो मत प्राप्त हुए. इस पद के लिए कुल 25 मत पड़े थे. मतगणना के बाद रिंकू भकत को विजयी घोषित किया गया.
प्रशांत कुमार सिंह ने BCI में फिर बनाई जगह
बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य पद पर प्रशांत कुमार सिंह ने एक बार फिर जीत दर्ज की. उन्हें कुल 18 मत मिले, जबकि मनोज कुमार को सात और संजय कुमार विद्रोही को एक मत प्राप्त हुआ. इस तरह प्रशांत कुमार सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए बीसीआई सदस्य के रूप में दोबारा जगह बनाई. वह पहले से भी इस पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.
मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चीफ रिटर्निंग ऑफिसर जस्टिस अंबुज नाथ ने चुनाव परिणामों की औपचारिक घोषणा की. नतीजे सामने आते ही काउंसिल परिसर में विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह देखने को मिला. अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को फूल-माला पहनाकर बधाई दी.