Giridih News : गिरनियां मोड़ से बड़कीटांड़ मोड़ तक सड़क चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य का हुआ शिलान्यास, विधायक कल्पना सोरेन ने कहा- अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना सरकार का लक्ष्य
Giridih News: गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने गिरनियां मोड़ से बड़कीटांड़ मोड़ तक 11.065 किमी सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया। 55 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़क को क्षेत्र के विकास की लाइफलाइन बताया।
गिरिडीह जिले के गांडेय विधानसभा क्षेत्र में विकास को नई गति देने की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से गिरनियां मोड़ से बड़कीटांड़ मोड़ वाया तीनपतली सड़क चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य का शिलान्यास विधायक कल्पना सोरेन ने किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा।
गिरनियां मोड़ में आयोजित शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक कल्पना सोरेन ने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल सड़क निर्माण परियोजना नहीं है, बल्कि गांडेय के विकास की लाइफलाइन है। बेहतर सड़क संपर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार जैसे क्षेत्रों को नई मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल सड़क बनाना नहीं, बल्कि विकास की रोशनी को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
55 करोड़ रुपये से बनेगी सड़क
पथ निर्माण विभाग के कनीय अभियंता राजीव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरनियां मोड़ से बड़कीटांड़ मोड़ तक कुल 11.065 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण एवं चौड़ीकरण किया जाएगा। इस परियोजना पर कुल 55 करोड़ 20 लाख 63 हजार 400 रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें लगभग 22 करोड़ रुपये भूमि अधिग्रहण (भू-अर्जन) के लिए निर्धारित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिलेगी। साथ ही किसानों और व्यापारियों को भी अपने उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी।
कई प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
शिलान्यास कार्यक्रम में उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, डीडीसी स्मृता कुमारी, बीडीओ निसात अंजुम, सीओ मो. हुसैन, इंस्पेक्टर कमलेश पासवान सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा गांडेय, अहिल्यापुर एवं ताराटांड़ थाना प्रभारी आनंद प्रकाश सिंह, एनुल हक खान और बुद्धेश्वर उरांव भी कार्यक्रम में शामिल हुए। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, फरदीन इम्तियाज अहमद, मुखिया मो. अकबर, अमृतलाल पाठक, दिलीप मंडल, ध्रुवदेव पंडित, प्रमोद राम, मो. आलम, मो. आशिक, मो. अनवर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।
जुट हथकरघा एवं वस्त्र उत्पाद निर्माण केंद्र का उद्घाटन
सड़क शिलान्यास कार्यक्रम के बाद विधायक कल्पना सोरेन ने गांडेय प्रखंड मुख्यालय परिसर में स्थापित जुट हथकरघा एवं वस्त्र उत्पाद निर्माण केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। ऐसे केंद्र महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
इसके बाद विधायक ने मनरेगा योजना के तहत विकसित झारखंड आंदोलनकारी इंद्रदेव पाठक की बिरसा मुंडा आम बागवानी परियोजना का भी निरीक्षण किया और उसकी प्रगति की जानकारी ली।
प्लस टू उच्च विद्यालय ताराटांड़ का किया निरीक्षण
अपने दौरे के दौरान विधायक कल्पना सोरेन ने प्लस टू उच्च विद्यालय ताराटांड़ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के शैक्षणिक और खेलकूद गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के क्रम में राष्ट्रीय स्तर की खो-खो प्रतियोगिता (अंडर-19) में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विधायक ने कहा कि क्षेत्र के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर भाग लेकर पूरे इलाके का नाम रोशन किया है। ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
विद्यालय के छात्रों ने विधायक के समक्ष खेल मैदान, शिक्षकों की नियुक्ति और स्कूल के समीप स्थित नदी पर पुल निर्माण की मांग रखी। विधायक ने छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।
आस्था गांव पहुंचकर किसानों का बढ़ाया हौसला
सोमवार शाम विधायक कल्पना सोरेन बेंगाबाद प्रखंड के आस्था गांव पहुंचीं। यहां उन्होंने किसान खुर्शीद अनवर हादी द्वारा संचालित समेकित कृषि मॉडल का निरीक्षण किया। किसान द्वारा एक ही परिसर में मुर्गी पालन, बतख पालन, बकरी पालन और आम बागवानी जैसी गतिविधियों को देखकर विधायक काफी प्रभावित हुईं।
उन्होंने किसान की मेहनत और नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि समेकित कृषि मॉडल किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन सकता है। कृषि और पशुपालन को एक साथ अपनाकर किसान कम समय में अधिक लाभ अर्जित कर सकते हैं।
विधायक ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को आधुनिक खेती और समेकित कृषि को बढ़ावा देने के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध करा रही है। उन्होंने किसानों से अपनी खाली पड़ी जमीन का सदुपयोग करने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
विकास के साथ रोजगार पर भी जोर
गांडेय क्षेत्र में सड़क निर्माण, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और कृषि विकास से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेकर विधायक कल्पना सोरेन ने स्पष्ट संकेत दिया कि क्षेत्र में आधारभूत संरचना के साथ-साथ रोजगार और आत्मनिर्भरता को भी प्राथमिकता दी जा रही है। सड़क परियोजना से जहां आवागमन आसान होगा, वहीं हथकरघा केंद्र, शिक्षा और कृषि क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास ग्रामीण विकास को नई दिशा देंगे।
