Jharkhand News: गढ़वा जिले के मेराल अंचल स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय सोहबरिया में आठवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं के विदाई समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में डीजे साउंड पर अशोभनीय एवं अश्लील गीत बजाने की घटना सामने आई है। वायरल वीडियो के आधार पर यह पता चला कि विद्यालय की छात्राओं के साथ प्रभारी प्रधानाध्यापक और कुछ शिक्षकों द्वारा अनुचित डांस भी किया गया। यह कृत्य न केवल विद्यालय की गरिमा और शैक्षणिक वातावरण के खिलाफ था, बल्कि शिक्षक की मर्यादा के भी प्रतिकूल पाया गया।
जिला शिक्षा पदाधिकारी कैसर रजा ने प्राथमिक जांच के आधार पर प्रभारी प्रधानाध्यापक कुंदन कुमार रंजन को झारखंड सरकारी सेवक नियमावली, 2016 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय, गढ़वा में निर्धारित किया गया है। साथ ही, उन्हें बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराना अनिवार्य किया गया है। विभागीय नियमों के अनुसार निलंबन अवधि के दौरान जीवन निर्वाह भत्ता भी प्रदान किया जाएगा।
इस प्रकरण में सहायक शिक्षक पुरुषोत्तम पंडित और सुबेश्वर राम का आचरण भी अनुचित पाया गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने इसे शिक्षक आचरण के विपरीत और गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए झारखंड सहायक अध्यापक सेवाशर्त नियमावली, 2021 के तहत संबंधित शिक्षकों की सेवा समाप्ति की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए। संबंधित प्राधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि आवश्यक कार्रवाई करते हुए दो दिनों के भीतर कार्रवाई प्रतिवेदन जिला शिक्षा अधीक्षक-सह-अपर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, झारखंड शिक्षा परियोजना, गढ़वा को उपलब्ध कराया जाए।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में अनुशासन, नैतिकता और शिक्षा के अनुकूल वातावरण बनाए रखना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता, अशोभनीय व्यवहार या शिक्षक मर्यादा के खिलाफ आचरण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिक्षा विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि भविष्य में ऐसे मामलों की रोकथाम के लिए कठोर निगरानी और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
