Dhanbad News: कोयलांचल धनबाद का प्रसिद्ध सिंह मेंशन रविवार देर रात एक गंभीर बमबाजी की घटना का केंद्र बन गया। घटना सरायढेला थाना क्षेत्र में हुई, जहां बाइक सवार दो अपराधियों ने सिंह मेंशन पर दो बम फेंके। इनमें से एक बम घर के गेट के अंदर जाकर ब्लास्ट हुआ, जबकि दूसरा बाहर गिर गया। यह वारदात रात 11:30 से 12 बजे के बीच हुई। गनीमत रही कि इस हमले में कोई भी घायल या हताहत नहीं हुआ, लेकिन धमाके की आवाज से पूरे इलाके में अफरातफरी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि बमबाजी के समय सिंह मेंशन में झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह और उनकी पत्नी, वर्तमान विधायक रागिनी सिंह मौजूद थे। बम धमाके की आवाज सुनते ही लोग और सुरक्षा कर्मी बाहर की ओर भागे, लेकिन तब तक अपराधी फरार हो चुके थे। सिंह मेंशन के आसपास मची अफरातफरी से आसपास के लोग सहम गए। घटना के समय वहां मौजूद लोग गश्त कर रहे सुरक्षा गार्डों से भी सवाल-जवाब किए जा रहे हैं। पुलिस ने तत्काल तौर पर इलाके में घेराबंदी कर संभावित संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है।
एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने घटना के बाद सिंह मेंशन में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सीसीटीवी का डीवीआर भी अपने साथ कब्जे में लिया है ताकि फुटेज का विश्लेषण कर सके। साथ ही आसपास के अन्य इलाकों में लगे कैमरों की भी जांच की जा रही है ताकि अपराधियों के निकलने और आने के मार्ग का पता लगाया जा सके। पुलिस ने पूर्व विधायक संजीव सिंह से भी घटना के संबंध में पूछताछ की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच तेज़ी से की जा रही है और जल्द ही अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
ध्यान देने वाली बात यह है कि सिंह मेंशन में रहने वाले पूर्व विधायक संजीव सिंह हाल ही में नगर निकाय चुनाव में मेयर पद के लिए अपनी दावेदारी पेश कर चुके हैं और मंगलवार को उनका नामांकन होना है। ऐसे में इस बमबाजी की घटना को चुनाव से जुड़ा कोई राजनीतिक साजिश माना जा रहा है। इलाके में यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या यह हमला चुनावी माहौल को प्रभावित करने की कोई रणनीति है। पुलिस फिलहाल इस कनेक्शन को भी गंभीरता से देख रही है। सिंह मेंशन के अलावा झरिया की पूर्व विधायक कुंती सिंह भी इसी परिसर में रहती हैं, जिससे सुरक्षा की स्थिति और भी संवेदनशील हो गई है। पुलिस ने सभी सुरक्षा इंतजाम कड़े कर दिए हैं और मामले की गहराई से जांच जारी है।

