झारखंड की राजधानी रांची में क्रिकेट के महानायक महेंद्र सिंह धोनी फिर से अपने लिए नया आशियाना बनाने की तैयारी में हैं। रांची के सेंबो इलाके में उन्होंने करीब एक एकड़ 92 डिसमिल जमीन खरीदी है। यह जगह पहाड़ी इलाके में है, जहां से चारों ओर प्राकृतिक हरियाली और खूबसूरत नजारा दिखाई देता है। धोनी का यह नया घर ग्राउंड फ्लोर और एक अतिरिक्त मंजिल यानी जी प्लस वन का होगा, जो रांची रिंग रोड के पास सीआरपीएफ कैंप के पास स्थित है।
धोनी ने इस घर के लिए रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण से निर्माण अनुमति ली है। शुरुआत में तीन मंजिल की योजना थी, लेकिन नियमों के अनुसार केवल सात मीटर की ऊंचाई तक ही निर्माण की मंजूरी मिली। इसलिए अब यह घर दो मंजिला होगा।
धोनी के नए घर का डिजाइन जयपुर के मशहूर आर्किटेक्ट शांतुनु गर्ग ने तैयार किया है। शांतुनु गर्ग का नाम देश में लक्जरी फार्महाउस और हाई-एंड रेसिडेंशियल प्रोजेक्ट्स के लिए जाना जाता है। उनका डिजाइन खास तौर पर पहाड़ी इलाके की प्राकृतिक सुंदरता के साथ सामंजस्य बिठाने वाला होगा।
इस नए घर का बिल्ट-अप एरिया करीब 2210 वर्गमीटर होगा। ग्राउंड फ्लोर पर एक बड़ा हॉल और मल्टी कार गैरेज बनाया जाएगा, जबकि प्रथम तल पर तीन अलग-अलग यूनिट होंगी, जिनमें हर यूनिट में चार-चार कमरे होंगे। घर के पीछे 15 गुणा 25 फीट का खुला रिक्रिएशनल एरिया भी होगा, जहां परिवार आराम और मनोरंजन कर सकेगा।
यह नया आशियाना धोनी के रांची से गहरे लगाव को फिर से दर्शाता है। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी धोनी अपने शहर में निवेश करते रहते हैं और यहां समय बिताते हैं।
