लिंगानुपात में सुधार एवं भ्रूण लिंग जांच पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
लातेहार: उपायुक्त श्री संदीप कुमार की अध्यक्षता में PCPNDT (Pre-Conception and Pre-Natal Diagnostic Techniques) अधिनियम के संदर्भ में जिला सलाहकार समिति एवं निगरानी तथा अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले में PCPNDT अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन, अल्ट्रासाउंड केंद्रों के पंजीकरण एवं उनके संचालन की स्थिति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में संचालित सभी अल्ट्रासाउंड केंद्र निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान जिले में पंजीकृत अल्ट्रासाउंड केंद्रों की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही नए पंजीकरण से संबंधित मामलों एवं पंजीकरण के नवीकरण के मामलों पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पंजीकृत केंद्रों का नियमित निरीक्षण एवं अनुश्रवण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए।
उपायुक्त ने कहा कि PCPNDT अधिनियम का उद्देश्य भ्रूण लिंग जांच पर रोक लगाना एवं बालिका के अधिकारों की रक्षा करना है। उन्होंने अधिकारियों को अधिनियम के प्रावधानों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा अवैध रूप से लिंग जांच जैसी गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने का निर्देश दिया।
बैठक में जन्म के समय लिंगानुपात (Sex Ratio at Birth) की भी समीक्षा की गई। HMIS के अनुसार सितंबर 2026 में जिले का जन्म के समय लिंगानुपात 912 प्रति हजार दर्ज किया गया। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को लिंगानुपात में सुधार के लिए विशेष प्रयास करने तथा इस दिशा में सतत निगरानी एवं जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि बालिका संरक्षण एवं लिंगानुपात में सुधार के लिए स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। अल्ट्रासाउंड केंद्रों की नियमित जांच, अभिलेखों का सत्यापन एवं निर्धारित मानकों के अनुपालन पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में सिविल सर्जन डॉ राजमोहन खलखो, सहित जिला सलाहकार समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।