Skip to main content
Home › Business › लातेहार में ‘TEJAS’ जिला स्तरीय कार्यशाला का हुआ आयोजन, उद्यमिता, नवाचार एवं स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने पर दिया गया जोर
LateharBusinessJharkhand News Desk

लातेहार में ‘TEJAS’ जिला स्तरीय कार्यशाला का हुआ आयोजन, उद्यमिता, नवाचार एवं स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने पर दिया गया जोर

लातेहार में ‘TEJAS’ जिला स्तरीय कार्यशाला का हुआ आयोजन, उद्यमिता, नवाचार एवं स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने पर दिया गया जोर

युवा नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार सृजनकर्ता बनने की दिशा में बढ़ें : उपायुक्त श्री संदीप कुमार

लातेहार: लातेहार जिले में उद्यमिता, नवाचार एवं स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज पॉलिटेक्निक कॉलेज, कुरा, लातेहार में ‘TEJAS’ (Transforming Entrepreneurial Journeys Across States & Districts) जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT), स्टार्टअप इंडिया, झारखंड सरकार एवं JIIDCO के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।*

*कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त श्री संदीप कुमार, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक श्री रघुबर सिंह,जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चन्दन, JIIDCO, रांची श्री पंकज कुमार, ,डीपीएम-जेएसएलपीएस सहित अन्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।*

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त श्री संदीप कुमार ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को उद्यमिता एवं स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि युवाओं में नए विचारों एवं नवाचार की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि इन विचारों को उचित मार्गदर्शन, प्रशिक्षण, संसाधन एवं अवसर उपलब्ध कराकर व्यावहारिक उद्यम में परिवर्तित किया जाए।

उपायुक्त ने युवाओं को सरकार की स्टार्टअप एवं उद्यमिता से संबंधित नीतियों एवं योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि युवा केवल नौकरी की तलाश करने वाले न बनें, बल्कि रोजगार सृजनकर्ता बनने की दिशा में भी आगे बढ़ें। उन्होंने स्थानीय संसाधनों एवं स्थानीय आवश्यकताओं पर आधारित व्यवसायिक विचारों को विकसित करने, नई तकनीकों को अपनाने तथा स्वरोजगार के साथ-साथ अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित करने पर जोर दिया।

कार्यशाला में उद्यमिता पारिस्थितिकी तंत्र से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को स्टार्टअप शुरू करने की प्रक्रिया, व्यवसायिक विचारों को विकसित करने, नवाचार, वित्तीय सहयोग, मेंटरशिप, इन्क्यूबेशन, बाजार से जुड़ाव एवं विभिन्न सरकारी सहायता योजनाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।

कार्यशाला के दौरान पॉलिटेक्निक कॉलेज के विद्यार्थियों ने स्टार्टअप से संबंधित अपने नवाचार एवं व्यवसायिक विचारों को भी प्रस्तुत किया। विशेषज्ञों एवं संबंधित पदाधिकारियों द्वारा उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं, क्षमता निर्माण, मेंटरशिप एवं मार्गदर्शन के अवसरों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों का समाधान भी किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के युवाओं, विद्यार्थियों, महिला उद्यमियों, नवोन्मेषकों, कारीगरों एवं उभरते उद्यमियों को विशेषज्ञों तथा उद्यमिता से जुड़े विभिन्न हितधारकों के साथ जोड़ने के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराना रहा।

इस अवसर पर अग्रणी जिला प्रबंधक, लातेहार, फोनपे के अधिकारी, JIIDCO, रांची के श्री पंकज कुमार, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक श्री रघुबर सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने भी उद्यमिता, स्थानीय उद्योगों के विकास, कौशल विकास एवं रोजगार सृजन से संबंधित अपने विचार एवं सुझाव साझा किए। TEJAS जिला स्तरीय कार्यशाला के माध्यम से लातेहार जिला में स्थानीय प्रतिभा, नवाचार एवं उद्यमिता को प्रोत्साहित करने तथा युवाओं को उपलब्ध अवसरों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।

*कार्यशाला में ईओडीबी मैनेजर, लातेहार, श्री कुणाल सहदेव,ईओडीबी मैनेजर,लोहरदगा श्री अजित कुमार विद्यार्थी सहित बड़ी संख्या में उद्यमी, कारीगर, युवा, विद्यार्थी एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित थे।

Share this article