गांवों में आज भी एक परंपरा निभाई जाती है, जिसमें घर की महिलाएं सुबह उठकर एक पुराना सूप लेती हैं उसे किसी लोहे की वस्तु से पीटते हुए घर के हर कोने में घूमती हैं. बाद में उसी सूप को घर के पुरुष चौराहे पर जाकर जला देते हैं.
हजारीबागः दीपावली में मां लक्ष्मी और गणेश की पूजा की जाती है. तो उसके अगले दिन एक और परंपरा कई सदियों से चली आ रही है. कई गांवों में आज भी एक परंपरा निभाई जाती है, जिसमें घर की महिलाएं सुबह उठकर एक पुराना सूप लेती हैं और उसे किसी लोहे की वस्तु से पीटते हुए घर के हर कोने में घूमती हैं. बाद में उसी सूप को घर के पुरुष चौराहे पर जाकर जला देते हैं. इसे दरिद्रता भगाना कहते हैं.
सुख-समृद्धि का होता है आगमन
दीपावली के अगले दिन दुख-गरीबी को दूर भगाने की एक प्राचीन ग्रामीण परंपरा आज भी हजारीबाग के गांवों में जीवंत है. इसे स्थानीय भाषा में ‘दसामसा जलाना’ कहा जाता है. इसी परंपरा का निर्वहन जगड़ा जोगीडीह गांव में ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ किया. मान्यता है कि इस परंपरा के पालन से घर और गांव से दुख-दरिद्रता का नाश होता है तथा सुख-समृद्धि का आगमन होता है.
स्थानीय ग्रामीणों के बयान (Etv Bharat)
ग्रामीणों के अनुसार, दीपावली की रात घरों के पुराने सूप, दउरा और टोकरी को घर के बाहर रखा जाता है. इसके बाद अगली सुबह इन वस्तुओं को डंडे के सहारे बजाते हुए पूरे गांव में भ्रमण किया जाता है. अंत में गांव के चौराहे पर इन्हें एकत्रित कर जलाया जाता है. इस परंपरा में बच्चे, बुजुर्ग और युवा सभी उत्साहपूर्वक शामिल होते हैं. ग्रामीणों का विश्वास है कि इससे नकारात्मक शक्तियों और बुरे प्रभावों का अंत होता है. पीढ़ियों से चली आ रही यह परंपरा आज भी ग्रामीण संस्कृति और लोकआस्था की पहचान बनी हुई है.
भगायी जाती है नकारात्मक ऊर्जा
घर की महिलाएं या परिवार का कोई सदस्य सुबह उठकर पुराने सूप में लोहे की वस्तु से बजाते हुए पूरे घर के कोने-कोने में घूमते हैं. इस दौरान वे 'ईश्वर बैठे, दरिद्र निकले' या 'दुख-दरिद्रता भाग जाए, सुख-समृद्धि आ जाए' बोलती हैं. घर के अंदर के पिछले हिस्सों से लेकर कचरे और नकारात्मक ऊर्जा को मुख्य दरवाजे की तरफ लाया जाता है.
सूप को घर से बाहर दक्षिण दिशा या चौराहे की तरफ ले जाकर छोड़ दिया जाता है या जला दिया जाता है. इसके पश्चात घर की साफ-सफाई कर पूरे घर में गंगाजल का छिड़काव किया जाता है और स्नान किया जाता है.