Skip to main content
Home › Tourism & Culture › दीवाली के समापन के साथ ही लोक-आस्था से जुड़े 'छठ' की तैयारियां हो गई हैं शुरू, नगर निगम ने इस वर्ष के लिए 74 छठ घाटों को किया चिह्नित
RanchiTourism & CultureJharkhand News Desk

दीवाली के समापन के साथ ही लोक-आस्था से जुड़े 'छठ' की तैयारियां हो गई हैं शुरू, नगर निगम ने इस वर्ष के लिए 74 छठ घाटों को किया चिह्नित

दीवाली के समापन के साथ ही लोक-आस्था से जुड़े 'छठ' की तैयारियां हो गई हैं शुरू, नगर निगम ने इस वर्ष के लिए 74 छठ घाटों को किया चिह्नित

रांची नगर निगम ने इस साल 74 छठ घाटों को चिह्नित किया है. नगर निगम ने तैयारियों को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के लिए शहर को आठ जोन में बांटा है, ताकि सभी क्षेत्रों में काम की निगरानी की जा सके.

रांची:     दीपावली संपन्न होने के साथ ही लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियां शुरू हो गई हैं. चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में छठव्रतियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी रांची नगर निगम की है. शहर के विभिन्न छठ घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, रोशनी और पहुंच पथ को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया गया है.

घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था

रांची नगर निगम ने इस साल 74 छठ घाटों को चिह्नित किया है. इन घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है. नगर निगम ने तैयारियों को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के लिए शहर को आठ जोन में बांटा है, ताकि सभी क्षेत्रों में काम की निगरानी की जा सके.

छठ घाटों को तैयार करने में जुटा रांची नगर निगम , 50 से अधिक कृत्रिम घाट

नगर निगम क्षेत्र में प्राकृतिक तालाबों के अलावा दो बड़े जलाशयों और अन्य प्राकृतिक जलस्रोतों पर छठ पूजा की व्यवस्था की जा रही है. वहीं, घनी आबादी वाले इलाकों में रहने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए 50 से अधिक कृत्रिम छठ तालाब भी तैयार किए गए हैं. इससे उन लोगों को अपने घरों के आसपास ही अर्घ्य देने की सुविधा मिलेगी, जिन्हें प्राकृतिक तालाबों या नदी घाटों तक पहुंचने में परेशानी होती है.

स्वर्णरेखा और जुमार नदी के घाटों पर भी छठ पूजा को लेकर जरूरी इतंजाम किए जा रहे हैं. प्राकृतिक और कृत्रिम दोनों तरह के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है.

तालाबों की सफाई और गाद निकालने का काम

छठ घाटों की तैयारियों में सबसे अधिक जोर तालाबों की सफाई पर है. विभिन्न जलाशयों से जलकुंभी और गाद हटाने के लिए सफाई अभियान चलाया जा रहा है. इसके लिए जेसीबी मशीनों के साथ सफाई कर्मियों को लगाया गया है. घाटों के आसपास जमा कचरे को हटाने और पूजा के अनुकूल वातावरण तैयार करने का काम किया जा रहा है. पानी की स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. नगर निगम की कोशिश है कि अर्घ्य के दौरान व्रतियों को गंदगी और अव्यवस्था का सामना नहीं करना पड़े.

सुरक्षा से लेकर रोशनी तक की व्यवस्था

छठ घाटों पर सुरक्षा को लेकर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है. जिन तालाबों में पानी अधिक गहरा है, वहां खतरनाक स्थानों को चिह्नित कर बैरिकेडिंग की जा रही है. घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को दुरुस्त करने के लिए स्टोन डस्ट बिछाने और समतलीकरण का काम चल रहा है, ताकि व्रतियों को आने-जाने में परेशानी न हो. इसके अलावा प्रमुख घाटों पर महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, पर्याप्त रोशनी और पेयजल की व्यवस्था की जा रही है. शाम के अर्घ्य और अगले दिन सुबह के अर्घ्य के दौरान घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था रखने की तैयारी है.

मेयर और नगर आयुक्त कर रहे निरीक्षण

छठ की तैयारियों को लेकर महापौर रोशनी खलखो और नगर आयुक्त सुशांत गौरव विभिन्न घाटों का निरीक्षण कर रहे हैं। तेतर टोली तालाब, जेल तालाब, चडरी तालाब और अरगोड़ा तालाब सहित अन्य घाटों का दौरा कर वहां चल रहे कार्यों की जानकारी ली जा रही है. अधिकारियों को सफाई, सुरक्षा और अन्य जरूरी सुविधाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया जा रहा है.

घाटों का निरीक्षण करते नगर निगम के अधिकारी

नगर निगम ने सभी संबंधित जोन और कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा है. अब आने वाले दिनों में तैयारियों को और तेज किया जाएगा, ताकि छठ महापर्व के दौरान शहर के सभी चिह्नित घाटों पर श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल मिल सके.

Share this article