श्रद्धांजलि देने के बाद रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली में हुए शामिल सिमडेगा।

सिमडेगा।
सिमडेगा विधायक सह जिला कांग्रेस अध्यक्ष भूषण बाड़ा और जिप सदस्य सह जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष जोसिमा खाखा दिल्ली के राजघाट स्थित शक्ति स्थल पहुंच पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। साथ ही देश के लिए उनके योगदान, साहस और दृढ़ नेतृत्व को याद करते हुए उन्हें नमन किया। इस मौके पर विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि इंदिरा गांधी का जीवन देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने अपने मजबूत नेतृत्व और दूरदर्शी फैसलों से भारतीय राजनीति और देश के इतिहास पर अमिट छाप छोड़ी। उनका साहस, संघर्ष और देश के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा। आज उनकी पुण्यतिथि पर उन्हें नमन करते हुए हम उनके आदर्शों और विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेते हैं। वहीं जोसिमा खाखा ने कहा कि इंदिरा गांधी का व्यक्तित्व नारी शक्ति, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रतीक है। उन्होंने भारतीय महिलाओं के लिए नेतृत्व और साहस की नई मिसाल पेश की। उनका योगदान और संघर्ष हमेशा याद किया जाएगा। यहाँ श्रद्धा सुमन अर्पित करने के बाद विधायक दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली में शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक एवं देशभर से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे। इधर महारैली में जिले से भी सैंकड़ो कार्यकर्ता शामिल हुए हैं। महारैली को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से पार्टी द्वारा लोकतंत्र और मताधिकार से जुड़े मुद्दों को उठाया जा रहा है।

