Skip to main content
Home › Health › धनबाद सदर अस्पताल में सुविधाओं के विस्तार की तैयारी चल रही है; इसकी क्षमता बढ़कर 420 बिस्तर हो जाएगी।
DhanbadHealthJharkhand News Desk

धनबाद सदर अस्पताल में सुविधाओं के विस्तार की तैयारी चल रही है; इसकी क्षमता बढ़कर 420 बिस्तर हो जाएगी।

धनबाद सदर अस्पताल में सुविधाओं के विस्तार की तैयारी चल रही है; इसकी क्षमता बढ़कर 420 बिस्तर हो जाएगी।

धनबादः सदर अस्पताल में मरीजों को बेहतर इलाज और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पहल तेज करने पर जोर दिया जा रहा है. बुधवार को रोगी कल्याण समिति की बैठक में अस्पताल की मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा के साथ कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई. बैठक में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी दूर करने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया. इसके साथ ही भविष्य में सदर अस्पताल की क्षमता 135 बेड से बढ़ाकर 420 बेड करने की योजना रखी गई है।

बैठक में धनबाद के मेयर भी शामिल हुए

धनबाद सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के उद्देश्य से रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गई. समिति की अध्यक्ष सह जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में धनबाद के मेयर संजीव सिंह भी शामिल हुए. बैठक के दौरान अस्पताल की व्यवस्था में सुधार, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति और सुरक्षा के लिए गार्ड की तैनाती जैसे विषयों पर चर्चा की गई।

स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर

बैठक में पिछली बैठक के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर लिए गए फैसलों और प्रस्तावों की प्रगति की भी समीक्षा की गई. अस्पताल में डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ मरीजों को सुचारु रूप से इलाज मिल सके, इसके लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया।

विकास कार्यों की जानकारी साझा करने पर भी जोर

समिति की अध्यक्ष शारदा सिंह ने कहा कि सदर अस्पताल में आने वाले मरीजों को जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए. उन्होंने अस्पताल में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी रोगी कल्याण समिति के साथ साझा करने पर भी जोर दिया, ताकि कार्यों की नियमित समीक्षा हो सके और जरूरत के मुताबिक सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें।

भविष्य में अधिक मरीजों को इलाज मिलने की उम्मीद

वहीं, प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि फिलहाल सदर अस्पताल में 135 बेड की व्यवस्था है. आने वाले समय में इसकी क्षमता बढ़ाकर 420 बेड करने की योजना है. इसके अलावा सरकार के स्तर पर पीपीपी यानी पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल के तहत मेडिकल कॉलेज के निर्माण की दिशा में भी काम चल रहा है. बेड की संख्या बढ़ने से भविष्य में अधिक मरीजों को भर्ती कर इलाज उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Share this article