Skip to main content
Home › Tribal › गुजरात की एक केमिकल फैक्ट्री में हादसे के दौरान जान गंवाने वाले 2 मजदूरों के शव दुमका पहुंच गए हैं; ये मजदूर 'पहाड़िया' आदिम जनजाति से हैं।
DumkaTribalJharkhand News Desk

गुजरात की एक केमिकल फैक्ट्री में हादसे के दौरान जान गंवाने वाले 2 मजदूरों के शव दुमका पहुंच गए हैं; ये मजदूर 'पहाड़िया' आदिम जनजाति से हैं।

गुजरात की एक केमिकल फैक्ट्री में हादसे के दौरान जान गंवाने वाले 2 मजदूरों के शव दुमका पहुंच गए हैं; ये मजदूर 'पहाड़िया' आदिम जनजाति से हैं।

दुमका: रविवार को गुजरात से दो मजदूरों के शव दुमका पहुंचे. शव पहुंचते ही परिजनों के चीत्कार से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया. दरअसल, गुजरात के छत्राल में 3 दिन पहले एक कलर बनाने वाली फैक्ट्री का बॉयलर फटने से चार मजदूरों की मौत हो गई थीं, जिसमें दो दुमका के रामगढ़ प्रखंड के रहने वाले थे और रिश्ते में चचेरे भाई थे. दोनों का शव रविवार शाम उनके घर पहुंचा.क्या है पूरा मामला

दुर्गा पूजा के उल्लास के बीच रविवार शाम रामगढ़ के ऊपर ग्रहण गांव के सोगे टोला में मातम पसर गया. गुजरात के गांधीनगर के छत्राल स्थित केमिकल फैक्ट्री में हुए विस्फोट में जान गंवाने वाले टेडा देहरी और सिकंदर देहरी का शव जब गांव पहुंचा तो परिजनों की चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया. इस बीच दोनों परिवारों के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था.

जुलाई में मजदूरी करने गये थे गुजरात

मृतक टेडा देहरी और सिकंदर देहरी रामगढ़ प्रखंड की सिलठा बी पंचायत के ऊपर ग्रहण गांव के सोगे टोला के रहने वाले थे. दोनों आपस में चचेरे भाई थे और आदिम जनजाति पहाड़िया समुदाय से आते थे. परिजनों ने बताया कि दोनों इसी साल जुलाई में काम करने गुजरात गए थे. इससे पहले भी वे इसी कंपनी में मजदूरी कर चुके थे. परिवार की जरूरतें पूरी करने के लिए वे घर से दूर रहकर मेहनत कर रहे थे, लेकिन फैक्ट्री में हुए हादसे में दोनों की मौत हो गई.

नोजल फटने के बाद फैक्ट्री में लगी थी आग

घटना 15 अक्टूबर की है. गुजरात के गांधीनगर के निकट छत्राल केमिकल फैक्ट्री में बॉयलर का नोजल फटने से जोरदार विस्फोट हुआ था. इसके बाद फैक्ट्री में आग लग गई थी. सूचना मिलने पर दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे थे और आग पर काबू पाया था. हादसे में कुल चार मजदूरों की मौत हो गई थी. मृतकों में झारखंड के गोड्डा जिले के विनोद कुमार के साथ दुमका के रामगढ़ प्रखंड के टेडा देहरी और सिकंदर देहरी शामिल थे.

परिजन के सामने रोजी रोटी का संकट

जानकारी के मुताबिक, हादसे में मजदूरों के शरीर बुरी तरह झुलस गये थे. इस हादसे ने सिकंदर देहरी के परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है. उनकी पत्नी 3 माह की गर्भवती है. इस घटना ने दोनों परिवार को तोड़कर रख दिया है. अब उनके सामने भविष्य की चिंता सता रही है. इन परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.

Share this article