Skip to main content
Home › National › चार दिनों तक चलने वाला छठ पर्व सूर्य मंदिर में 'नहाय-खाय' अनुष्ठान के साथ शुरू; श्रद्धालुओं को पूजा-सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही।
RanchiNationalJharkhand News Desk

चार दिनों तक चलने वाला छठ पर्व सूर्य मंदिर में 'नहाय-खाय' अनुष्ठान के साथ शुरू; श्रद्धालुओं को पूजा-सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही।

चार दिनों तक चलने वाला छठ पर्व सूर्य मंदिर में 'नहाय-खाय' अनुष्ठान के साथ शुरू; श्रद्धालुओं को पूजा-सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही।

महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को मंदिर परिसर में खरना पूजन का आयोजन किया जाएगा। ट्रस्ट की ओर से समस्त श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है कि वे शाम 7 बजे से मंदिर परिसर पहुंचकर खरना का प्रसाद ग्रहण करें।

रांची:     सूर्य मंदिर ट्रस्ट परिसर में चार दिवसीय लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का शुभारंभ शुक्रवार को पूरी श्रद्धा और वैदिक परंपराओं के साथ हुआ। पहले दिन नहाय-खाय का अनुष्ठान विधिवत संपन्न किया गया, जिसमें रांची सहित झारखंड के विभिन्न जिलों और बिहार से बड़ी संख्या में पहुंचीं छठव्रती महिलाओं ने भगवान भास्कर की आराधना की।

वैदिक हवन और प्रसाद वितरण

महापर्व की शुरुआत से पूर्व मंदिर स्थित यज्ञशाला में पंडित दीपक कुमार पांडे और आचार्य विकास कुमार पांडे सहित अन्य पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन संपन्न कराया। इसके बाद अर्चना सिंह (नागपुर), रश्मि सिंह, पुष्पा देवी (बिहार), रीमा, सुनीता और रेखा सहित अन्य व्रतधारियों ने विधि-विधान से नहाय-खाय का पूजन कर प्रसाद तैयार किया। इसमें पिछले 15 वर्षों से लगातार मंदिर परिसर में छठ व्रत कर रहीं डॉ. कुमारी ज्योत्सना की विशेष सहभागिता रही। भगवान सूर्य को भोग लगाने के बाद सैकड़ों श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

ट्रस्ट की ओर से विशेष व्यवस्थाएं

सूर्य मंदिर ट्रस्ट ने छठव्रतियों की सुविधा के लिए तालाब निर्माण, घाटों की साफ-सफाई और परिसर की साज-सज्जा की व्यापक व्यवस्था की है। ट्रस्ट के कार्यालय अधिकारी चंदन कुमार गुप्ता ने बताया कि किसी भी व्रती को आर्थिक कारणों से पूजा में बाधा न हो, इसके लिए निःशुल्क सूप और अर्घ्य सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। आधार कार्ड के साथ आने वाले श्रद्धालुओं को इसमें प्राथमिकता दी जा रही है।

26 वर्षों की आस्था का केंद्र

ट्रस्ट के अध्यक्ष समीर सिंह ने कहा कि संरक्षक एन.पी. सिंह के मार्गदर्शन में निर्मित यह मंदिर पिछले 26 वर्षों से सनातन संस्कृति और सेवा का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। आयोजन को सफल बनाने में सुधीर कुमार, अजय, विभूति प्रसाद, मनोज, शिव प्रसाद प्रजापति, युवराज मुंडा, अभिषेक सिंह, यश कुमार और रवि सहित ट्रस्ट के अन्य सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

शनिवार को होगा खरना का आयोजन

महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को मंदिर परिसर में खरना पूजन का आयोजन किया जाएगा। ट्रस्ट की ओर से समस्त श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है कि वे शाम 7 बजे से मंदिर परिसर पहुंचकर खरना का प्रसाद ग्रहण करें।

Share this article