रांची राज्य ब्यूरो झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने कोषागार से अवैध निकासी के आरोपों पर प्रतिक्रिया दी है। झामुमो ने कहा कि ट्रेजरी से अवैध निकासी का यह मामला लगभग 14 वर्ष पुराना है। इसकी जड़ें भाजपा की रघुवर सरकार के कार्यकाल से जुड़ी हुई हैं
झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने कहा कि आज जो मुद्दा भाजपा उठा रही है, वह वास्तव में उसी व्यवस्था की देन है, जिसे उनके शासनकाल में पनपने दिया गया। उस समय न तो पारदर्शिता थी और न ही जवाबदेही सुनिश्चित की गई, जिसका परिणाम आज सामने आ रहा है
झामुमो ने कहा कि हेमंत सरकार पूरी सख्ती से “जीरो टॉलरेंस टू करप्शन” की नीति पर काम कर रही है। सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और इस पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। यह दर्शाता है कि वर्तमान सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ पूरी तरह प्रतिबद्ध है
झामुमो ने भाजपा को घेरते हुए कहा कि उनका यह राजनीतिक दांव असफल रहा है। जिस मुद्दे को वे सरकार के खिलाफ हथियार बनाना चाहते थे, वह उनके शासनकाल की कमियों को उजागर कर रहा है। हेमंत सरकार ने भाजपा की कार्यसंस्कृति को समाप्त कर दिया है
झामुमो ने स्पष्ट रूप से कहा कि इस मामले में किसी भी दोषी को सजा नहीं दी जाएगी, चाहे वह कितना प्रभावशाली हो। कानून लागू होगा और सच्चाई पूरी तरह सामने आ जाएगी
