Jharkhand News: झारखंड की राजधानी रांची से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सदर थाना क्षेत्र के नायक टोली इलाके में एक महिला पर अपनी ही बहन की नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर बेचने का आरोप लगा है। इस खबर के फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीड़िता ने खुद पुलिस को दी जानकारी
जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला पीड़िता की मौसी है। बच्ची उसे बड़ी मम्मी कहकर बुलाती थी। आरोप है कि महिला ने बच्ची को काम दिलाने का झांसा देकर अपने साथ ले गई और फिर बेच दिया। पीड़ित बच्ची ने अपनी हिम्मत जुटाई और मौका पाकर वहां से भाग निकली। इसके बाद वह सीधे पुलिस के पास पहुंची और अपनी आपबीती सुनाई। बच्ची की बहादुरी ने समय रहते इस कुप्रथा को उजागर कर दिया और आगे की कार्रवाई की राह आसान बनाई।
इलाके में गुस्सा और पुलिस की भूमिका
बच्ची के खुलासे के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने आरोपी महिला को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की। काफी देर तक इलाके में तनाव और हंगामा रहा। सदर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। भीड़ के चंगुल से आरोपी महिला को छुड़ाकर हिरासत में लिया गया और थाने ले जाया गया। वहीं, स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि जब बच्ची के लापता होने की जानकारी दी गई थी, तब पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई और परिजनों को खुद तलाश करने की सलाह दी।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने नाबालिग के बयान के आधार पर आरोपी महिला सुगीया उर्फ अंजलि को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने पीड़िता की काउंसलिंग कराई और उसकी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा। अधिकारियों ने साफ किया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की पड़ताल जारी है और समुदाय में ऐसे अपराधों को रोकने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
