Jharkhand News: रांची–लोहरदगा–टोड़ी रेलखंड को लोहरदगा और आसपास के इलाकों की जीवनरेखा माना जाता है। इस रूट पर रोजाना करीब आठ हजार यात्री लोहरदगा–रांची और रांची–लोहरदगा MEMU पैसेंजर ट्रेनों से सफर करते हैं। इसके अलावा सासाराम एक्सप्रेस और राजधानी एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें भी इसी मार्ग से गुजरती हैं। लेकिन अचानक ट्रेन सेवाएं ठप होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जैसे ही ट्रेन बंद होने की खबर फैली, लोहरदगा स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में अफरा तफरी मच गई। लोग मजबूरी में बसों और निजी वाहनों की ओर दौड़ पड़े। नतीजतन बस स्टैंड और सड़कों पर भारी भीड़ देखने को मिली, जबकि लोहरदगा रेलवे स्टेशन पूरी तरह सूना नजर आया।
कोयल नदी पर बने रेलवे पुल में दरार, सुरक्षा के चलते ट्रेनों पर रोक
रविवार सुबह लगभग 10.10 बजे रांची–लोहरदगा–टोड़ी रेललाइन पर कोयल नदी पर बने रेलवे पुल संख्या 115 के पिलर नंबर चार और पांच में दरारें पाई गईं। रेलवे इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत इस पुल पर ट्रेनों का परिचालन रोक दिया। बताया जा रहा है कि एक पिलर में पहले से ही दरार थी, लेकिन समय रहते न तो मरम्मत की गई और न ही गहन जांच कराई गई। बाद में जब दूसरे पिलर में भी दरार सामने आई, तब हालात और गंभीर हो गए और पूरे सेक्शन पर ट्रेन संचालन पूरी तरह बंद करना पड़ा। इससे रेल प्रशासन की लापरवाही पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
राजधानी और सासाराम एक्सप्रेस को लेकर लापरवाही के आरोप
सबसे चिंताजनक बात यह रही कि पुल में संदिग्ध क्षति के बावजूद राजधानी एक्सप्रेस और सासाराम एक्सप्रेस को उसी रूट से गुजरने दिया गया। इससे संभावित बड़े हादसे का खतरा पैदा हो गया था। हालांकि बाद में रांची–लोहरदगा MEMU ट्रेन को पुल से पहले ही रोक दिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। फिलहाल MEMU ट्रेनें केवल नागजुआ स्टेशन तक ही चलाई जा रही हैं। लोहरदगा स्टेशन पर किसी भी ट्रेन का आगमन फिलहाल बंद कर दिया गया है। यात्रियों का कहना है कि अगर समय रहते पुल की नियमित जांच होती तो ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती।
ट्रेनें रद्द और रूट बदले, यात्रियों की परेशानी चरम पर
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलवे ने कई अहम फैसले लिए हैं। रांची–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस को अस्थायी रूप से लोहरदगा के बजाय मेसरा–बरकाकाना–टोड़ी मार्ग से चलाया जा रहा है। वहीं रांची–सासाराम एक्सप्रेस को 5 से 7 जनवरी तक रद्द कर दिया गया है और सासाराम–रांची एक्सप्रेस 6 से 8 जनवरी तक नहीं चलेगी। इसके अलावा 5 से 7 जनवरी तक चलने वाली MEMU पैसेंजर ट्रेनें केवल रांची–नागजुआ सेक्शन तक सीमित रहेंगी। रेलवे के अनुसार 7 जनवरी तक लोहरदगा स्टेशन पर ट्रेन सेवाएं निलंबित रहेंगी, हालांकि कुछ अधिकारियों का मानना है कि मरम्मत और सुरक्षा जांच के आधार पर यह अवधि दस दिनों तक बढ़ सकती है।
ट्रेन सेवाएं बंद होने से लोहरदगा, गुमला, डाल्टनगंज और आसपास के इलाकों के यात्रियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों को सबसे ज्यादा दिक्कतें हो रही हैं। यात्रियों का कहना है कि रेलवे को पुलों की नियमित जांच और समय पर मरम्मत पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने। अचानक राजधानी जैसी ट्रेन के रूट बदलने और रद्द होने से लोगों को टिकट कैंसिल कराने तक की नौबत आ गई है।
