भारतीय रेलवे का नया टाइमटेबल 1 जनवरी 2026 से लागू होने जा रहा है। इसके तहत दक्षिण पूर्व रेलवे (South Eastern Railway) ने चक्रधरपुर रेल मंडल से गुजरने वाली और यहां से चलने वाली 24 ट्रेनों के समय में बदलाव की घोषणा की है। इनमें एक्सप्रेस, वंदे भारत और मेमू (MEMU) ट्रेनें शामिल हैं। रेलवे प्रशासन के अनुसार, यह बदलाव परिचालन दक्षता बढ़ाने और तकनीकी कारणों से किया गया है। नए टाइमटेबल का सीधा असर हावड़ा, शालीमार, टाटानगर और राउरकेला जैसे प्रमुख स्टेशनों से यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों पर पड़ेगा।
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, 24 ट्रेनों के प्रस्थान और आगमन समय में 5 से 15 मिनट का बदलाव किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों के समय में आधे घंटे तक का अंतर आया है। उदाहरण के तौर पर, हावड़ा–लोकमान्य तिलक समरसता एक्सप्रेस अब रात 7:35 बजे की बजाय 7:25 बजे रवाना होगी। वहीं हावड़ा–मुंबई सीएसएमटी दुरंतो एक्सप्रेस सुबह 5:45 की जगह 5:35 बजे खुलेगी। इसी तरह कई ट्रेनों के समय आगे-पीछे किए गए हैं, ताकि ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन अधिक सुचारु हो सके और देरी की समस्या को कम किया जा सके।
नए टाइमटेबल का असर केवल लंबी दूरी की ट्रेनों तक सीमित नहीं है, बल्कि वंदे भारत और मेमू जैसी कम दूरी की ट्रेनों पर भी पड़ा है। पटना–टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस अब टाटानगर 9:30 बजे की बजाय 9:40 बजे पहुंचेगी, जबकि टाटानगर–ब्रह्मपुर वंदे भारत एक्सप्रेस अब 2:30 बजे की जगह 2:20 बजे रवाना होगी। वहीं राउरकेला–चक्रधरपुर सारंडा मेमू अब पहले से 20 मिनट पहले खुलेगी। इसके अलावा, राउरकेला, झारसुगुड़ा और गोमो जैसे स्टेशनों पर आने-जाने वाली पैसेंजर और मेमू ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया है, जिससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को खास ध्यान देने की जरूरत होगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि 1 जनवरी 2026 के बाद यात्रा करने से पहले ट्रेन का नया समय जरूर जांच लें। कई यात्रियों के टिकट पर पुराना समय छपा हो सकता है, इसलिए स्टेशन पर उसी समय के अनुसार पहुंचना जरूरी है, जो नए टाइमटेबल में दर्ज है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे रेलवे के पूछताछ नंबर 139, नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम (NTES) ऐप या आधिकारिक रेलवे वेबसाइट से अद्यतन जानकारी प्राप्त करें। रेलवे का कहना है कि यह बदलाव यात्रियों की सुविधा और समयबद्ध परिचालन के लिए किया गया है। अगर यात्री पहले से सही जानकारी के साथ स्टेशन पहुंचेंगे, तो किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सकेगा।

