भारती सिंह जो अपनी कॉमेडी के लिए जानी जाती हैं, इस बार एक गलत टिप्पणी के कारण विवादों में आ गई हैं। हाल ही में कॉमेडी शो ‘लाफ्टर शेफ सीजन 2’ में जब धुरंधर फिल्म की हीरोइन आयशा खान मेहमान बनकर आईं, तो भारती ने उनकी बॉडी को लेकर मजाक करते हुए ऐसा कुछ कह दिया, जिसने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ तूफान खड़ा कर दिया।
शो के दौरान भारती ने आयशा खान को देखकर मजाक में कहा, “मुझे लगा सामने से कृष्णा अभिषेक आ रहे हैं।” इसके बाद उन्होंने खुद कहा, “मैं प्रेग्नेंट हूं ना।” यह बात सुनकर आयशा खान ने बस मुस्कुराना ही उचित समझा, लेकिन सेट पर मौजूद लोग जोर-जोर से हंस पड़े।
जहां यह सब शो के अंदर मनोरंजन का हिस्सा था, वहीं सोशल मीडिया पर इस क्लिप को देखकर कई लोग भारती सिंह की इस हरकत को बॉडीशेमिंग और महिलाओं के प्रति असंवेदनशीलता मानने लगे। यूजर्स ने उन्हें रूढ़िवादी और मीन तक कह डाला। कई लोगों ने कहा कि मजाक की आड़ में ऐसे कमेंट्स महिलाओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं।
कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने कॉमेडियन से महिलाओं के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता बरतने की अपील भी की है। उन्होंने कहा कि कॉमेडी में महिलाओं का मजाक उड़ाना ठीक नहीं। यह वक्त है कि कलाकार अपनी जिम्मेदारी समझें और सकारात्मक माहौल बनाएं।
इस घटना ने एक बार फिर सवाल उठाए हैं कि क्या मनोरंजन की आड़ में बॉडीशेमिंग और भेदभाव को बढ़ावा दिया जाना चाहिए? भारती सिंह को इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया देनी होगी, क्योंकि फैंस इस विवाद को लेकर बेहद गंभीर हैं।
