Jharkhand पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी जिलों के एसएसपी और एसपी को विशेष निर्देश जारी करते हुए संभावित विधि व्यवस्था की स्थिति पर कड़ी नजर रखने को कहा है। पुलिस मुख्यालय का कहना है कि विभिन्न देशों के बीच चल रहे युद्ध की वजह से आम लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल बन सकता है। खासकर पेट्रोल डीजल और एलपीजी गैस जैसी जरूरी चीजों को लेकर घबराहट फैलने की आशंका है। ऐसी स्थिति में पुलिस को सतर्क रहने और हर जिले में स्थिति पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों को कहा गया है कि किसी भी प्रकार की अफवाह या घबराहट फैलने से पहले ही आवश्यक कदम उठाए जाएं ताकि कानून व्यवस्था पर कोई असर न पड़े।
पेट्रोल डीजल और गैस की जमाखोरी पर सख्त नजर
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि पेट्रोल डीजल और एलपीजी गैस की अनावश्यक जमाखोरी और कालाबाजारी को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को यह भी कहा गया है कि रिटेलर्स वितरकों और वैध भंडारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही पेट्रोलियम पदार्थों के परिवहन पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई गई है। यदि कहीं जमाखोरी या अवैध तरीके से बिक्री की सूचना मिलती है तो तुरंत कार्रवाई की जाए। पुलिस का मानना है कि संकट के समय कुछ लोग मुनाफा कमाने के लिए ऐसी गतिविधियों में शामिल हो सकते हैं इसलिए इस पर लगातार नजर रखना जरूरी है।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को यह भी निर्देश दिया है कि भ्रामक खबरें फैलाने वालों और अफवाह फैलाने वालों पर लगातार निगरानी रखी जाए। सोशल मीडिया और इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है ताकि किसी भी तरह की फर्जी खबर को तुरंत रोका जा सके। पुलिस ने यह भी निर्देश दिया है कि खुदरा विक्रेताओं और गोदामों में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और उनकी निगरानी की जाए। यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर अफवाह फैलाने या गलत सूचना प्रसारित करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन से समन्वय
पुलिस मुख्यालय ने जिलों को निर्देश दिया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय न्याय संहिता की धारा 163 के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही जिला स्तर पर उपायुक्त और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है। पुलिस को यह भी निर्देश दिया गया है कि थाना स्तर से प्रतिदिन डीजी कंट्रोल को रिपोर्ट भेजी जाए ताकि राज्य स्तर पर स्थिति की समीक्षा की जा सके। साथ ही प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के साथ संपर्क बनाए रखने और फर्जी खबरों के प्रकाशन पर रोक लगाने के लिए भी कदम उठाने को कहा गया है।
