बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव को लेकर शनिवार को एक अहम स्वास्थ्य अपडेट सामने आया है। दिल्ली में उनकी बाईं आंख के मोतियाबिंद का सफल ऑपरेशन किया गया। यह सर्जरी सफदरजंग अस्पताल से जुड़े सेंटर फॉर साइट में वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक की निगरानी में संपन्न हुई। ऑपरेशन के दौरान उनकी बेटी और राज्यसभा सांसद मीसा भारती भी अस्पताल में मौजूद रहीं।
मीसा भारती ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी साझा करते हुए बताया कि सर्जरी पूरी तरह सफल रही है और पिता अब रिकवरी में हैं। उन्होंने डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ का आभार जताया और समर्थकों से लालू यादव के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करने की अपील की। सूत्रों के अनुसार कुछ दिन के आराम के बाद आंख पर लगी पट्टी हटा दी जाएगी और स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।
लालू यादव पिछले कई वर्षों से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। वर्ष 2022 में उनका किडनी ट्रांसप्लांट सिंगापुर में हुआ था जिसमें उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने किडनी दान की थी। इसके अलावा उन्हें शुगर सहित अन्य उम्र संबंधी बीमारियां भी हैं। इन्हीं कारणों से वे लंबे समय से सक्रिय राजनीति से दूर चल रहे हैं और हाल ही में संपन्न बिहार विधानसभा चुनाव में भी प्रचार से दूर रहे।
राजनीतिक मोर्चे पर भी आरजेडी कठिन दौर से गुजर रही है। पार्टी की जिम्मेदारी फिलहाल तेजस्वी यादव संभाल रहे हैं। चुनाव में करारी हार और परिवार के भीतर सामने आई कलह की खबरों के बीच लालू यादव का स्वास्थ्य पार्टी और समर्थकों के लिए भावनात्मक मुद्दा बना हुआ है।

