जमशेदपुरः लौहनगरी जमशेदपुर के पोटका विधानसभा क्षेत्र के झामुमो विधायक संजीव सरदार पर इंजीनियर और एसडीओ ने गंभीर आरोप लगाया है. झारखंड अभियंता सेवा संघ के संगठन सचिव ने बैठक के बाद कहा कि 48 घंटे के अंदर विधायक के माफी नहीं मांगने पर एफआईआर दर्ज होगा।
मंगलवार 13 अक्टूबर सुबह 8 बजे विधायक एजक्यूटिव इंजीनियर और एसडीओ को सुंदरनगर तुरामडीह स्थित अपने आवसीय कार्यालय बुलाया और शिलान्यास को लेकर विवाद शुरू हुआ. स्वर्णरेखा नहर प्रमंडल, चांडिल के कार्यपालक अभियंता शिवराम गगराई ने आरोप लगाया कि मंगलवार सुबह करीब आठ बजे विधायक संजीव सरदार ने उन्हें और अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) विजय तिर्की को बुलाया था।
शिवराम गगराई के अनुसार, बातचीत के दौरान विधायक ने एक परियोजना का शिलान्यास नहीं कराए जाने को लेकर सवाल किया. इस पर एसडीओ विजय तिर्की ने बताया कि संबंधित परियोजना का शिलान्यास वर्ष 2021 में ही हो चुका है. उन्होंने दावा किया कि विधायक ने शिलान्यास का प्रमाण मांगा, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
कार्यपालक अभियंता शिवराम गगराई ने आरोप लगाया कि बहस के दौरान विधायक संजीव सरदार ने एसडीओ विजय तिर्की पर हाथ उठा दिया. उनका कहना है कि जब उन्होंने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, तो विधायक ने उनके साथ भी कथित रूप से हाथापाई और गाली-गलौज की. उन्होंने व्यक्तिगत स्तर पर प्राथमिकी दर्ज कराने या अन्य कानूनी कार्रवाई करने का निर्णय नहीं लिया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अभियंता संघ के सामूहिक फैसले के साथ हैं।
इस बैठक में एसडीओ विजय तिर्की ने पूरी घटना को सार्वजनिक किया. मंगलवार की सुबह हुई कथित घटना के बाद झारखंड के अभियंताओं में नाराजगी है. झारखंड अभियंत्रण सेवा संघ और डिप्लोमा अभियंत्रण सेवा संघ ने मंगलवार देर शाम बिष्टुपुर स्थित निर्मल गेस्ट हाउस में झारखंड अभियंत्रण सेवा संघ और डिप्लोमा अभियंत्रण सेवा संघ की संयुक्त बैठक कर घटना की निंदा की है।
इस बैठक में कनीय अभियंता, सहायक अभियंता और कार्यपालक अभियंता स्तर के लगभग सौ से अधिक अभियंता शामिल हुए. बैठक के दौरान अभियंताओं ने सरकारी अधिकारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार पर नाराजगी जताई और कार्यस्थल पर अधिकारियों की सुरक्षा तथा सम्मान का मुद्दा उठाया. बैठक में 48 घंटे के भीतर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की गई और ऐसा नहीं होने पर प्राथमिकी दर्ज कराने और काला बिल्ला लगाकर विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई है।
झारखंड अभियंता सेवा संघ के संगठन सचिव विपुल दुबे ने बैठक के बाद कहा कि अभियंताओं के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार की जितनी निंदा की जाए, कम है. उन्होंने बताया कि दोनों संगठनों ने विधायक संजीव सरदार से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की हैं. उन्होंने कहा कि इस घटना से वे काफी आहत हैं. उन्होंने कहा कि दो दिन के भीतर माफी नहीं मांगे जाने पर तीन कदम उठाए जाएंगे।