उद्घाटन समारोह के दौरान राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार, उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल, पर्यटन विभाग के निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा और उद्योग निदेशक विशाल सागर उपस्थित रहे।
नई दिल्ली/रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 में झारखंड पवेलियन और ‘पलाश’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर राज्य के उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव भी मौजूद रहे। इस वर्ष भी मेले में झारखंड को ‘फोकस स्टेट’ (Focus State) के रूप में भाग लेने का अवसर मिला है।
महापुरुषों को श्रद्धांजलि और पारंपरिक स्वागत
पवेलियन पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक झूमर नृत्य के साथ स्वागत किया गया। उद्घाटन से पूर्व उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा और वीर शहीद सिद्धो-कान्हू की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने पवेलियन में लगे विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण किया और झारखंड के पारंपरिक हस्तशिल्प, टसर सिल्क, कला-संस्कृति, स्थानीय उत्पादों तथा उद्यमिता से जुड़ी पहलों का अवलोकन किया।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था और महिला उद्यमिता पर जोर
इस वर्ष झारखंड पवेलियन की थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई है। इस विषय पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि मेले में हर साल राज्य की भागीदारी सुनिश्चित की जाती है, जहां विभिन्न विभाग अपनी उपलब्धियों और पहलों को प्रदर्शित करते हैं। उन्होंने बताया कि इस थीम के माध्यम से राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, महिला स्वयं सहायता समूहों (SHGs) की भागीदारी बढ़ाने और स्थानीय कारीगरों व शिल्पकारों को मिल रहे प्रोत्साहन को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया गया है।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह के दौरान राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार, उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल, पर्यटन विभाग के निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा और उद्योग निदेशक विशाल सागर सहित राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।