रास्ते में युवक अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया. इसके बाद तीनों बच्चियों को अलग-अलग सुनसान स्थानों पर ले गया. वहां दो सगी बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. तीसरी बच्ची के रोने और शोर मचाने पर उसे छोड़कर फरार हो गया
खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले में दो नाबालिग सगी बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है. मुरहू थाना क्षेत्र की रहने वाली दोनों बहनों को घुमाने और घर छोड़ने के बहाने आरोपी अपने साथ ले गए थे. इस दौरान आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया और बच्चियों को अलग-अलग सुनसान स्थानों पर ले गए.
घटना में दो सगी बहनें यौन हिंसा की शिकार हुईं, जबकि साथ मौजूद तीसरी नाबालिग बच्ची किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बच निकली. मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं, एक अन्य आरोपी अब भी फरार है.
एक सप्ताह पहले हुई थी आरोपियों से पहचान
प्राथमिकी के मुताबिक पीड़ित बच्चियों की पहचान करीब एक सप्ताह पहले एक युवक से हुई थी. सोमवार को आरोपी युवक तीन नाबालिग बच्चियों को घर छोड़ने और घुमाने का झांसा देकर स्कूटी और बाइक से मारंगहादा इलाके में ले गया. इनमें दो सगी बहनें मुरहू थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं. जबकि तीसरी बच्ची सायको क्षेत्र की निवासी है.
सुनसान जगह पर ले जाकर की वारदात
आरोप है कि रास्ते में युवक ने अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया. इसके बाद तीनों बच्चियों को अलग-अलग सुनसान स्थानों पर ले जाया गया. वहां दो सगी बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया. वहीं, तीसरी बच्ची के रोने और शोर मचाने पर आरोपी उसे छोड़कर वहां से फरार हो गए.
तीन आरोपी गिरफ्तार, चौथा फरार
घटना के बाद पीड़िताओं ने अपने परिजनों को पूरी जानकारी दी. इसके बाद परिजन उन्हें लेकर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई. मामले में महिला थाना में पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं के तहत चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपाल मुंडा उर्फ राहुल मुंडा (19), मनीष लोहरा (खूंटी) और मनसा टुटी के रूप में हुई है. वहीं, चौथे आरोपी प्रभु सहाय (26) की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. गिरफ्तार तीनों आरोपी बालिग हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है.
खूंटी डीएसपी का बयान
महिला थाना सह एएचटीयू थाना प्रभारी निशा कुमारी ने मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है. खूंटी डीएसपी मंगल सिंह जामुदा ने भी बताया कि घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. फिलहाल पीड़ित बच्चियों की मेडिकल जांच समेत अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं.