Skip to main content
Home › Tribal › स्व. पीटर बाड़ा मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट का फाइनल कल, ओड़िशा और हटिया रांची के बीच होगा खिताबी भिड़ंत
TribalJharkhand News Desk

स्व. पीटर बाड़ा मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट का फाइनल कल, ओड़िशा और हटिया रांची के बीच होगा खिताबी भिड़ंत

स्व. पीटर बाड़ा मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट का फाइनल कल, ओड़िशा और हटिया रांची के बीच होगा खिताबी भिड़ंत

तीसरे स्थान के लिए जलडेगा और खूंटी में होगा मुकाबला, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की समेत कई दिग्गज होंगे शामिल

फ़ाइनल मैच देखने के लिए नहीं लगेगा इंट्री फ़ीस, कई कार्यक्रमों का भी होगा आयोजन

सिमडेगा। 

अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम सिमडेगा में चल रहे प्रथम स्व. पीटर बाड़ा मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट का रोमांच अब अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। पांच दिवसीय प्रतियोगिता का फाइनल सोमवार को दो बजे से खेला जाएगा। खिताब के लिए ओड़िशा और हटिया रांची की टीमें आमने-सामने होंगी। वहीं तीसरे स्थान के लिए दोपहर एक बजे से जलडेगा और खूंटी के बीच मुकाबला होगा। रविवार को प्रतियोगिता का सेमीफाइनल मैच खेला गया। मौके पर उपस्थित अतिथियों को सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा और जिप सदस्य जोसिमा खाखा ने मोमेंटे आदि देकर स्वागत किया। रविवार को पहले सेमीफाइनल में मुख्य अतिथि चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स के अध्यक्ष मोतीलाल अग्रवाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इसमें ओड़िशा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जलडेगा को 8-3 गोल से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में मुख्य अतिथि नप उपाध्यक्ष दीपक रिंकू, चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स के अध्यक्ष मो ग्यास और दिल्ली विकास प्राधिक के उप निदेशक दुर्गानंद मिंज ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल का शुभारंभ किया। इसमें हटिया रांची ने खूंटी को 6-2 गोल से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। दोनों टीमों के बीच फाइनल मुकाबला दोपहर दो बजे खेला जाएगा। इससे पहले दोपहर एक बजे तीसरे स्थान के लिए जलडेगा और खूंटी की टीमें भिड़ेंगी। मीडिया प्रभारी तनवीर ख़ान ने बताया कि फाइनल मुकाबले में हॉकी इंडिया के अध्यक्ष एवं पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी दिलीप तिर्की समेत कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य अतिथियों के शामिल होंगे।

विधायक के पहल से हॉकी खिलाड़ियों में बढ़ा है उत्साह : दीपक रिंकू

दूसरे सेमीफाइनल के मुख्य अतिथि नप उपाध्यक्ष दीपक रिंकू ने अपने संबोधन में कहा कि सिमडेगा की पहचान हॉकी से है। यहां की मिट्टी ने देश को कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने विधायक भूषण बाड़ा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्व. पीटर बाड़ा की स्मृति में आयोजित इस प्रतियोगिता ने जिले में हॉकी के प्रति उत्साह बढ़ाया है। ऐसे टूर्नामेंट स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं। खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

Share this article