पार्टी ने राज्य सरकार से मांग की है कि पीड़िता की सुरक्षा और जांच की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए विधायक को तत्काल गिरफ्तार किया जाए तथा इस मामले की सुनवाई त्वरित न्यायिक प्रक्रिया (फास्ट ट्रैक) के तहत कराई जाए।
रांची। भाकपा माले राज्य कमिटी ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है। पार्टी का कहना है कि जांच के नाम पर विधायक को ऐसी कोई छूट नहीं मिलनी चाहिए, जिससे वे अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर पीड़िता पर दबाव बना सकें या साक्ष्यों को प्रभावित कर सकें।
भाकपा माले के राज्य सचिव मनोज भक्त ने कहा कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच आवश्यक है, लेकिन कानून सबके लिए समान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों में जिन परिस्थितियों का उल्लेख किया गया है, उससे विधायक गंभीर सवालों के घेरे में हैं। यद्यपि आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी और अंतिम निर्णय न्यायालय करेगा, किंतु यह राज्य सरकार की जिम्मेदारी है कि आरोपी अपने पद और हैसियत के दम पर पीड़िता को लाचार न कर सके।