आंदोलनकारियों ने स्थापना दिवस के आयोजन की तिथि को लेकर भी सरकार के निर्णय की आलोचना की। 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और राज्य का स्थापना दिवस है, ऐसे में इसे 28 नवंबर को मनाने का निर्णय लेना दुर्भाग्यपूर्ण है
रांची। झारखंड आंदोलनकारी महासभा के बैनर तले रविवार (15 नवंबर 2026) को कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा समाधि स्थल पर राज्यभर के आंदोलनकारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एकदिवसीय अनशन कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष राजू महतो तथा झारखंड अलग राज्य चिन्हित आंदोलनकारी कल्याण समिति के अध्यक्ष रमेश कुमार साहू सहित राज्य के विभिन्न जिलों से आए आंदोलनकारी शामिल हुए।
अनशन के दौरान वक्ताओं ने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त की। महासभा के नेताओं ने आरोप लगाया कि पिछले सात वर्षों से आंदोलनकारी मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से वार्ता करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से संवाद की कोई पहल नहीं की गई।
आंदोलनकारियों ने स्थापना दिवस के आयोजन की तिथि को लेकर भी सरकार के निर्णय की आलोचना की। नेताओं का कहना था कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और राज्य का स्थापना दिवस है, ऐसे में इसे किसी अन्य तिथि (28 नवंबर) को मनाने का निर्णय लेना दुर्भाग्यपूर्ण है और यह झारखंड के आंदोलनकारियों की भावनाओं के अनुरूप नहीं है। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि राज्य सरकार ने जल्द ही आंदोलनकारियों को उचित मान-सम्मान और पहचान नहीं दी, तो वे एकजुट होकर राज्यव्यापी उग्र आंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे।