धनबाद: हत्या के एक मामले की जांच के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई है. मुठभेड़ में शंकर डे उर्फ पिंकू डे के पैर में गोली लगी है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी राम प्रताप प्रसाद की हत्या के मामले में संदिग्ध था. उसे मैथन से पकड़ा गया था।
पूछताछ के दौरान हत्या की बात सामने आने के बाद पुलिस उसे हथियार बरामदगी के लिए टुंडी के मनियाडीह ले गई थी. इसी दौरान आरोपी ने एक सब-इंस्पेक्टर की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की और फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी. घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
ग्रामीण एसपी मो याकूब ने बताया कि अगस्त महीने में गोंदूडीह ओपी क्षेत्र में राम प्रताप प्रसाद की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी. उनकी पत्नी ने बताया था कि राम प्रताप दो दिनों से लापता हैं. शिकायत में शंकर नाम के एक व्यक्ति पर संदेह जताया गया था. इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी. इसी बीच सूचना मिली कि संदिग्ध मैथन के पास घूम रहा है. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शंकर डे उर्फ पिंकू डे को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने राम प्रताप प्रसाद की हत्या की बात स्वीकार की. इसके बाद हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए उसे मनियाडीह ले जाया गया. पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान आरोपी ने सब-इंस्पेक्टर की पिस्टल छीन ली और भागने की कोशिश करते हुए फायरिंग की. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी. उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ग्रामीण एसपी मो. याकूब के अनुसार, जून महीने में गोंदूडीह क्षेत्र में हुई लूट की एक घटना को राम प्रताप और शंकर ने मिलकर अंजाम दिया था. लूट की रकम के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था. पुलिस का कहना है कि इसी विवाद में शंकर ने राम प्रताप की गोली मारकर हत्या कर दी. ग्रामीण एसपी ने कहा कि पूर्व में मनियाडीह से एक अज्ञात शव भी बरामद हुआ था. यह शव रामप्रताप प्रसाद की थी. जिसकी हत्या शंकर डे ने ही की थी।
रामप्रताप और शंकर दोनों मिलकर कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं. जून महीने में गोंडुडीह ओपी क्षेत्र में एक लुट की घटना को अंजाम देने के बाद दोनों का विवाद हुआ और इसी विवाद में शंकर ने रामप्रताप की हत्या कर दी थी. पुलिस अब आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि और अन्य संभावित संलिप्तताओं की जांच कर रही है।
फिलहाल घायल आरोपी का इलाज जारी है. पुलिस के मुताबिक, स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उससे आगे पूछताछ की जाएगी. मामले में हथियार की बरामदगी और अन्य आपराधिक घटनाओं में संभावित संलिप्तता की जांच भी जारी है।