मजदूरों ने आवेदन में एफसीआई के स्थानीय मुंशी सूरज झा और संवेदक निगम कृष्णा सिंह के खिलाफ बकाया भुगतान नहीं करने और टालमटोल करने का आरोप लगाया गया है. करीब 300 मजदूरों का कुल नौ से 10 लाख रुपये बकाया है.
साहिबगंज: शहर के मालगोदाम में बुधवार को एफसीआई का छठा रैक प्लेस किया गया. एक मालगाड़ी मंगलवार रात और दूसरी बुधवार सुबह पहुंची. इस दौरान बकाया मजदूरी की मांग को लेकर मजदूरों ने विरोध-प्रदर्शन किया और नारे लगाए. मजदूरों ने जिला श्रम अधीक्षक को आवेदन देकर अपनी शिकायत दर्ज कराई है.
मजदूरों ने आवेदन में एफसीआई के स्थानीय मुंशी सूरज झा और संवेदक निगम कृष्णा सिंह के खिलाफ बकाया भुगतान नहीं करने और टालमटोल करने का आरोप लगाया गया है. मजदूरों के अनुसार, पिछले पांच रैक की मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है. करीब 300 मजदूरों का कुल नौ से 10 लाख रुपये बकाया है.
बकाया भुगतान होने तक हड़ताल की चेतावनी
मजदूरों का कहना है कि दुर्गा पूजा और दीपावली बीत गया और अब छठ पर्व नजदीक है, लेकिन मजदूरी नहीं मिली. मजदूरों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी देते हुए कहा कि बकाया राशि मिलने तक वे काम नहीं करेंगे. मजदूरों ने एफसीआई संचालक के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए.
दरअसल, एफसीआई के लिए मालगोदाम में आने वाले चावल को महादेवगंज एफसीआई गोदाम और वहां से सभी प्रखंडों के जेएसएफसी गोदामों तक पहुंचाया जाता है. वहां से अनाज जनवितरण प्रणाली की दुकानों और स्कूलों में भेजा जाता है. जानकारी के अनुसार, रैक आने के बाद तय अवधि में बोगियां खाली नहीं होने पर ठेकेदार को प्रति रैक, प्रति घंटे 6000 रुपये जुर्माना देना पड़ता है. इस तरह ठेकेदार को मजदूरों की हड़ताल से काफी क्षति उठानी पड़ सकती है.
इस मौके पर शंभू यादव, रमेश यादव, भोला यादव, मो. तमजीद, सुमित कुमार, महेन्द्र सिन्हा, मो. रहीम, मो. जाहिद, रामबरन यादव, विनोद सिन्हा, सलीम सहित दर्जनों मजदूर विरोध-प्रदर्शन में शामिल थे.
प्रदर्शन कर रहे मजदूरों का पक्ष
पांच रैक का काम करने के बाद भी उन्हें मजदूरी नहीं मिली है. इससे उनकी आर्थिक स्थिति डगमगाने लगी है. बार-बार मांग करने के बावजूद सुनवाई नहीं होती है. इस कारण उन्होंने काम बंद कर दिया है. मजदूरों ने आरोप लगाया कि एफसीआई का ठेकेदार उनकी मेहनत का पैसा मांगने पर टालमटोल करता है. इसके पूर्व मिश्रा का कार्यकाल ठीक था.सभी मजदूर शाम में अपनी मजदूरी लेकर घर जाते थे, लेकिन नया ठेकेदार काम में लापरवाही बरत रहा है.