आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर रहाटकर ने रांची बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर मीडिया कर्मियों से बात करते हुए कहा कि निशा भगत की मौत बेहद ही दुखद है. उनके परिवार के प्रति मेरी पूरी संवेदना है. जिसे जानने के लिए मैं यहां आई हूं.
रांची: राष्ट्रीय महिला आयोग ने झारखंड में महिला उत्पीड़न की बढ़ रही घटनाओं पर चिंता जताया है. झारखंड दौरे पर पहुंचीं राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर रहाटकर ने रांची बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर मीडियाकर्मियों से बात करते हुए कहा कि निशा भगत की मौत बेहद ही दुखद है. उनके परिवार के प्रति मेरी पूरी संवेदना है. जिसे जानने के लिए मैं यहां आई हूं.
उन्होंने कहा कि निशा भगत के अलावे झारखंड में कई घटनाएं हो रही हैं, जो बेहद ही चिंताजनक है. इसके बारे में वो गुमला और रांची में बैठक कर जानकारी लेंगी. रांची एयरपोर्ट से राष्ट्रीय महिला आयोग अध्यक्ष गुमला के लिए रवाना हुई, जहां वह निशा भगत के परिवार वालों से मिलेंगी.
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष स्थानीय गुमला जिला प्रशासन के साथ भी बैठक कर निशा भगत मामले में जानकारी हासिल करेंगी. तत्पश्चात रांची के स्टेट गेस्ट हाउस में राज्य के डीजीपी के साथ बैठक कर अब तक की गई कार्रवाई से अवगत होंगी.
राष्ट्रीय महिला आयोग निशा भगत मामले में गंभीर
निशा भगत मौत मामले में झारखंड सरकार ने सीबीआई से जांच कराने की घोषणा की है. वहीं राष्ट्रीय महिला आयोग भी इस घटना को लेकर गंभीर है. झारखंड दौरे पर आईं आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर रहाटकर का रांची एयरपोर्ट पर जमकर स्वागत किया गया. रांची एयरपोर्ट पर स्वागत करने पहुंचनेवालों में भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष सीमा सिंह, आरती कुजूर समेत भाजपा के कई कार्यकर्ता शामिल थे.
गौरतलब है कि सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत ने बीते 06 नवंबर को फेसबुक लाइव आईं और फिर उसके बाद उन्होंने आत्महत्या कर ली. इस दौरान उन्होंने प्रशासन और जमीन दलालों का नाम लेते हुए उन्हें प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था, जिसके बाद से सियासत गर्म है और आंदोलन का दौर जारी है. हालांकि, मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर इस मामले की सीबीआई जांच की घोषणा बीती रात कर मामले को शांत करने की कोशिश जरूर की है.