रांची: राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र में कुएं से पानी लेने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है. सेक्टर-2 पंप हाउस के पास रहने वाली मंजू चौधरी ने अपने पड़ोसियों पर कुएं से पानी लेने से रोकने, जाति को लेकर अपमानित करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है. महिला की शिकायत पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. मामले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराएं भी लगाई गई हैं.
पानी लेने को लेकर शुरू हुआ विवाद
एफआईआर के मुताबिक, मंजू चौधरी का अपने पड़ोस में रहने वाले लोगों के साथ विवाद चल रहा था. महिला ने आरोप लगाया है कि उन्हें कुएं से पानी लेने को लेकर परेशान किया जाता था. पानी लेने से रोकने के साथ गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किए जाने की भी शिकायत की गई है.
महिला का आरोप है कि जब उन्होंने इस व्यवहार का विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई. शिकायत में घर के बाहर कपड़े सुखाने जैसी बातों को लेकर भी विवाद होने का जिक्र है. महिला ने आरोप लगाया है कि छोटी-छोटी बातों पर उन्हें अपमानित किया जाता था और धमकी दी जाती थी. महिला का आरोप है कि उन्हें छोटी जात का कहकर अपमानित किया जाता था.
जुलाई से अक्टूबर तक विवाद का आरोप
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को शाम करीब छह बजे विवाद हुआ था. इसके बाद 26 जुलाई को भी मारपीट और गाली-गलौज किए जाने का आरोप लगाया गया है. महिला ने 10 अक्टूबर को दोपहर करीब तीन बजे फिर से विवाद होने और मारपीट किए जाने की शिकायत की है. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि इस दौरान उन्हें जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई.
पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
प्राथमिकी में उपेंद्र यादव, अमरेंद्र कुमार, रेमा देवी, आदित्य और अमन उर्फ अंशु के नाम शामिल हैं. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 351(2), 352 और 3(5) के साथ एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर अजीव कुमार रंजन को सौंपी गई है. पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और विवाद की पृष्ठभूमि की जांच कर रही है.