Skip to main content
Home › Tribal › धर्म हमें प्रेम, शांति, भाईचारे और मानवता का देता है संदेश: विधायक भूषण बाड़ा
TribalJharkhand News Desk

धर्म हमें प्रेम, शांति, भाईचारे और मानवता का देता है संदेश: विधायक भूषण बाड़ा

धर्म हमें प्रेम, शांति, भाईचारे और मानवता का देता है संदेश: विधायक भूषण बाड़ा

कोचेडेगा पेरिश में धूमधाम से मना गोल्डन जुबली समारोह नॉर्थ वेस्टर्न गॉसनर इवेंजेलिकल लूथरन चर्च छोटानागपुर एवं असम के कोचेडेगा पेरिश मुख्यालय में हुआ आयोजन, विधायक भूषण बाड़ा और जिला परिषद सदस्य जोसिमा खाखा समेत कई अतिथि हुए शामिल

सिमडेगा। 

नॉर्थ वेस्टर्न गॉसनर इवेंजेलिकल लूथरन चर्च, छोटानागपुर एवं असम के अंतर्गत कोचेडेगा पेरिश मुख्यालय में सोमवार को गोल्डन जुबली समारोह धूमधाम और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। समारोह की थीम गॉड फैटफलनेश कंटीन्यू अर्थात परमेश्वर की विश्वासयोग्यता बनी रहती है रखी गई थी। इस अवसर पर धार्मिक अगुवों, जनप्रतिनिधियों, चर्च के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में मसीही धर्मावलंबियों ने भाग लिया। समारोह में 50 वर्षों की आध्यात्मिक यात्रा, चर्च की स्थापना से लेकर वर्तमान तक के योगदान, समाज में शिक्षा, सेवा, प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत बनाने में चर्च की भूमिका पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में शामिल बिशपों ने अपने संदेश में कहा कि चर्च की 50 वर्षों की यात्रा परमेश्वर की कृपा और विश्वासयोग्यता का प्रमाण है। आने वाली पीढ़ियों को भी इसी विश्वास, प्रेम और सेवा की भावना के साथ समाज को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी उठानी चाहिए। समारोह में उपस्थित लोगों ने 50 वर्षों की इस गौरवशाली यात्रा को याद करते हुए चर्च की आगामी यात्रा को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था, उत्साह और सामुदायिक एकता की झलक देखने को मिली।कार्यक्रम में पादरी सियोन कुजूर, पादरी विजय मिंज, उर्मिल्ला केरकेट्टा, निलेश एक्का,विनीता खाखा, हर्षित तिर्की, एडिशन, अनिता सहित भारी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।

विधायक भूषण बाड़ा ने दी गोल्डन जुबली की शुभकामनाएं

समारोह में शामिल सिमडेगा विधायक सह कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूषण बाड़ा ने कहा कि कोचेडेगा पेरिश के 50 वर्ष पूरे होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और खुशी का अवसर है। पांच दशकों की यह यात्रा विश्वास, संघर्ष, समर्पण और सामाजिक एकता की मिसाल है। चर्च ने धार्मिक गतिविधियों के साथ शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और जरूरतमंदों की सेवा के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि धर्म हमें प्रेम, शांति, भाईचारे और मानवता का संदेश देता है। सभी समुदायों को एक-दूसरे के धर्म और परंपराओं का सम्मान करते हुए क्षेत्र के विकास में सहभागी बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि सिमडेगा की पहचान आपसी प्रेम, सद्भाव और सांस्कृतिक विविधता से है। इसे बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। विधायक ने गोल्डन जुबली की शुभकामनाएं देते हुए चर्च की आगामी यात्रा के लिए मंगलकामना की।

बिशप राजीव सतीश टोप्पो ने कहा, विश्वास और सेवा ही चर्च की असली पहचान

आर्च बिशप राजीव सतीश टोप्पो ने अपने संदेश में कहा कि गोल्डन जुबली का अवसर केवल अतीत की उपलब्धियों को याद करने का नहीं बल्कि भविष्य की जिम्मेदारियों को समझने का भी समय है। पिछले 50 वर्षों में चर्च ने आध्यात्मिक विकास के साथ समाज को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि चर्च को शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, गरीबों की सहायता और युवाओं के मार्गदर्शन के क्षेत्र में निरंतर काम करना चाहिए। परमेश्वर पर विश्वास रखते हुए मानव सेवा को जीवन का उद्देश्य बनाना ही सच्ची आध्यात्मिकता है।

बिशप निस्तार कुजूर ने नई पीढ़ी को दिया एकता और समर्पण का संदेश

सेंट्रल डायोसिस के बिशप निस्तार कुजूर ने कहा कि किसी भी धार्मिक संस्था की मजबूती उसकी एकता, अनुशासन और लोगों के आपसी प्रेम में निहित होती है। 50 वर्षों की यह यात्रा पूर्वजों और पुरखों के त्याग, परिश्रम तथा समर्पण का परिणाम है। नई पीढ़ी को इस विरासत को संभालने के साथ शिक्षा, सामाजिक विकास और समाज में सद्भाव कायम रखने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने सभी लोगों से मिल-जुलकर चर्च और समाज की प्रगति में योगदान देने की अपील की।

जोसिमा खाखा ने चर्च के योगदान को सराहा

जिला परिषद सदस्य जोसिमा खाखा ने कहा कि गोल्डन जुबली समारोह समाज के लिए गौरवपूर्ण अवसर है। 50 वर्षों तक किसी संस्था की निरंतर यात्रा उसके लोगों के विश्वास, मेहनत और समर्पण को दर्शाती है। चर्च ने आध्यात्मिक मार्गदर्शन के साथ सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है। शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति नई पीढ़ी को आगे आना चाहिए। उन्होंने सभी लोगों से एकजुट होकर समाज में प्रेम, शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की तथा गोल्डन जुबली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

Share this article