Skip to main content
Home › National › दीपावली के पूर्व उपायुक्त ने शहीद परिवारों को किया सम्मानित, शॉल एवं मिठाई भेंटकर व्यक्त की कृतज्ञता
JamshedpurNationalJharkhand News Desk

दीपावली के पूर्व उपायुक्त ने शहीद परिवारों को किया सम्मानित, शॉल एवं मिठाई भेंटकर व्यक्त की कृतज्ञता

दीपावली के पूर्व उपायुक्त ने शहीद परिवारों को किया सम्मानित, शॉल एवं मिठाई भेंटकर व्यक्त की कृतज्ञता

समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त श्री राजीव रंजन ने शहीदों के परिजनों को शॉल एवं मिठाई भेंटकर सम्मानित किया तथा उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।

जमशेदपुर:      दीपावली के पावन पर्व के अवसर पर देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों के परिवारों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा पूर्व सैनिक सेवा परिषद, पूर्वी सिंहभूम की पहल पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त श्री राजीव रंजन ने शहीदों के परिजनों को शॉल एवं मिठाई भेंटकर सम्मानित किया तथा उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिक सेवा परिषद के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर अभिनंदन किया। साथ ही परिषद की ओर से संगठन की गतिविधियों एवं सामाजिक कार्यों की जानकारी भी उपायुक्त को दी गई।

समारोह में उपायुक्त द्वारा सम्मानित किए गए शहीद परिवारों में शहीद लेफ्टिनेंट कमांडर मनोरंजन (शौर्य चक्र, मरणोपरांत) के पिता, नायब सूबेदार नवीन चौधरी, शहीद किशन दुबे की माता श्रीमती जगमाया देवी, शहीद मनोज कुमार की पत्नी श्रीमती सुनीता कुमारी, शहीद जितेंद्र कुमार की पत्नी श्रीमती दुर्गावती देवी तथा शहीद पी. श्रीनिवास की पत्नी श्रीमती पद्मजा राव शामिल थीं।

वहीं, शहीद सिपाही गणेश हांसदा (शौर्य चक्र, मरणोपरांत) एवं शहीद दिलीप बेसरा के परिजनों को घाटशिला के प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा उनके आवास पर जाकर सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर उपायुक्त ने शहीदों के अदम्य साहस, वीरता एवं सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उनके परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा एवं अखंडता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों का त्याग सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके परिवारों का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है।

कार्यक्रम में पूर्व सैनिक सेवा परिषद की ओर से श्री ब्रजकिशोर सिंह, श्री सुबोध कुमार, श्री मिथिलेश सिंह, श्री अशोक श्रीवास्तव, श्री विजय त्रिपाठी, श्री सतनाम सिंह, श्री सत्येंद्र सिंह एवं श्री दिनेश सिंह उपस्थित थे।

यह आयोजन देश की रक्षा में समर्पित भारतीय थल सेना, नौसेना एवं वायु सेना के वीर जवानों के शौर्य, त्याग एवं बलिदान के प्रति जिला प्रशासन की कृतज्ञता का प्रतीक रहा।

Share this article