मुख्यमंत्री व अधिकारियों ने कैदियों की रिहाई से जुड़े निर्धारित मानकों, पात्रता की शर्तों, कारावास की अवधि, उनके आचरण और विधिक प्रावधानों के अलावा संबंधित न्यायालयों के मंतव्य की गहनता से समीक्षा करने के बाद निर्णय लिया।
रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की अध्यक्षता में शनिवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड राज्य सजा पुनरीक्षण पर्षद की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में राज्य के विभिन्न कारागारों में आजीवन कारावास की सजा काट रहे कुल 73 कैदियों की रिहाई से संबंधित मामलों की बिंदुवार समीक्षा की गई, जिसके बाद गहन विचार-विमर्श के उपरांत 26 कैदियों की रिहाई पर सहमति बनी।
बैठक में पर्षद द्वारा अनुशंसित 20 नए मामलों के साथ-साथ पिछली बैठकों में अस्वीकृत किए गए 53 पुराने मामलों पर भी पुनर्विचार किया गया। मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों ने कैदियों की रिहाई से जुड़े निर्धारित मानकों, पात्रता की शर्तों, कारावास की अवधि, उनके आचरण और विधिक प्रावधानों के अलावा संबंधित न्यायालयों, जिलों के पुलिस अधीक्षक, जेल अधीक्षक और प्रोबेशन पदाधिकारियों के मंतव्य की गहनता से समीक्षा करने के बाद यह निर्णय लिया।
पुनर्वास के लिए नियुक्त होंगे साइकोलॉजिस्ट काउंसलर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रिहा होने वाले कैदियों के लिए विभाग की ओर से मनोवैज्ञानिक (साइकोलॉजिस्ट) काउंसलर नियुक्त किए जाएं, ताकि जेल से बाहर निकलकर अपने घर-गांव लौटने वाले बंदी पुनः किसी अपराध की ओर न मुड़ें। उन्होंने रिहा हुए कैदियों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए गैर-सरकारी संगठनों (NGO) का भी सहयोग लेने को कहा। इसके अतिरिक्त, कारामुक्त हुए मानसिक रूप से अस्वस्थ बंदियों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी प्रोबेशन ऑफिसर (PO) को सौंपने के निर्देश दिए गए।
जेल से बाहर न निकलने वाले बंदियों की भी होगी काउंसलिंग
मुख्यमंत्री ने एक मानवीय पहलू पर जोर देते हुए कहा कि सजा पूरी कर चुके ऐसे बंदी जो किसी कारणवश जेल से बाहर नहीं निकलना चाहते हैं, उनकी भी विशेष काउंसलिंग की जाए। अधिकारियों को उनके पारिवारिक स्थिति (स्टेटस) की जानकारी जुटाने और यह पता लगाने का निर्देश दिया गया कि आखिर वे बाहर क्यों नहीं जाना चाहते।
बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, डीजीपी तदाशा मिश्रा, विधि (न्याय) विभाग के प्रधान सचिव-सह-विधि परामर्शी नीरज कुमार श्रीवास्तव, कारा एवं सुधारात्मक सेवाएं के महानिरीक्षक सुदर्शन प्रसाद मंडल, न्यायिक आयुक्त अनिल कुमार मिश्रा, निदेशक (प्रशासन) ज्ञान शंकर जायसवाल, प्रोबेशन पदाधिकारी चंद्रमोली सिंह और बंदी कल्याण पदाधिकारी राम गोविंद पंडित सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।