8 मंजिला भवन और 850 बेडेड की क्षमता वाले इस अस्पताल में न तो फायर फाइटिंग सिस्टम फंक्शनल है और न ही फायर फाइटिंग की एनओसी है. आग से बचाव की पूरी व्यवस्था फिलहाल फायर एक्सटिंग्विशर के भरोसे है, जो इस के लिए नाकाफी है
रांची: अस्पताल को मरीजों के लिए सबसे सुरक्षित जगहों में होना चाहिए, क्योंकि यहां जो भी मरीज इलाज के लिए भर्ती होते हैं, वह चलने फिरने में असमर्थ होते हैं और आपात स्थिति में वह अपनी जान बचाने के लिए भाग भी नहीं सकते, लेकिन आपको यह जानकर हैरानी होगी कि सरकार के नाक के नीचे रांची के सदर अस्पताल में आपात स्थिति में आग जैसी घटना होने पर बचाव की व्यवस्था सवालों के घेरे में है.
अग्निशमन यंत्रों के भरोसे सुरक्षा व्यवस्था
8 मंजिला भवन और 850 बेडेड की क्षमता वाले इस अस्पताल में न तो फायर फाइटिंग सिस्टम फंक्शनल है और न ही फायर फाइटिंग की एनओसी है. आग से बचाव की पूरी व्यवस्था फिलहाल फायर एक्सटिंग्विशर यानी अग्निशमन यंत्रों के भरोसे है, जो इस आठ मंजिला अस्पताल के लिए नाकाफी है. ऐसे में सवाल उठता है कि यदि अस्पताल में आग की घटना घट गई तो, मरीजों के परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा कैसे होगी ?
अस्पताल में लाचार स्थिति में आते हैं मरीज
यह कोई सामान्य इमारत नहीं, बल्कि ऐसा अस्पताल है जहां हर दिन गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीज भर्ती रहते हैं. ICU में वेंटिलेटर पर मरीज हैं, वार्डों में बुजुर्ग और बच्चे हैं, तो इस भवन के 7वीं मंजिल पर ऑपरेशन थिएटर है, 8वीं मंजिल पर सेमिनार हॉल. आज की तारीख में भी बड़ी संख्या ऐसे मरीज यहां भर्ती होते हैं, जो चल फिर नहीं सकते. आठ मंजिला भवन में आग लगने की स्थिति में मरीजों को सुरक्षित निकालना आसान नहीं होगा. वहीं आग से निकलने वाला धुआं भी मरीजों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है, ऐसे में सिर्फ अग्निशमन यंत्रों के भरोसे इतनी बड़ी स्वास्थ्य संस्था का संचालन मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा करता है.
मुजफ्फरपुर और पश्चिम बंगाल के घटनाओं से नहीं लिया सबक
अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा की अनदेखी का खामियाजा कितना भयावह हो सकता है, इसकी मिसाल हाल के दिनों में बिहार और पश्चिम बंगाल में सामने आई है. जून 2026 में बिहार के मुजफ्फरपुर के एक अस्पताल के ICU में आग लगने से 6 मरीजों की मौत हो गई थी, वही अप्रैल 2026 में कोलकाता के अस्पताल में आग लगने के बाद 70 मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालना पड़ा था. इन घटनाओं ने अस्पतालों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए थे. ऐसे में रांची सदर अस्पताल की स्थिति को हल्के में नहीं लिया जा सकता है.
गाइडलाइन में फायर ऑडिट, एनओसी और मॉक ड्रिल पर जोर
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की 4 मई 2026 के दिन जारी नेशनल गाइडलाइंस ऑन फायर एंड लाइफ सेफ्टी इन हेल्थकेयर फैसिलिटीज में अस्पतालों की अग्नि सुरक्षा को लेकर विस्तृत प्रावधान दिए गए हैं, इनमें नियमित फायर सेफ्टी ऑडिट, वैध फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट, फायर अलार्म और अग्निशमन प्रणाली को चालू रखने, आपातकालीन निकासी मार्ग साफ रखने तथा अस्पतालकर्मियों को प्रशिक्षित करने पर जोर दिया गया है. नियमित मॉक ड्रिल के जरिए यह सुनिश्चित करना भी जरूरी है कि आग लगने पर मरीजों को किस रास्ते और किस तरीके से सुरक्षित बाहर निकाला जाएगा. ICU और दूसरे संवेदनशील वार्डों के लिए विशेष निकासी योजना की जरूरत होती है.
डेढ़ महीने में चालू करा देंगे सिस्टम: सिविल सर्जन
इस मामले में सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद ने स्वीकार किया कि सदर अस्पताल का फायर फाइटिंग सिस्टम अभी फंक्शनल नहीं है. उन्होंने बताया कि पूर्व में फायर विभाग से ऑडिट कराया गया था, विभाग ने सिस्टम को चालू करने के लिए जरूरी संसाधनों और कार्यों की सूची उपलब्ध कराई थी. इसके बाद टेंडर की प्रक्रिया शुरू की गई, पहले दो एजेंसियों ने ही टेंडर में हिस्सा लिया था, जबकि प्रक्रिया पूरी करने के लिए 3 एजेंसियों की जरूरत थी, अब तीसरी एजेंसी भी आ गई है.
फायर सेफ्टी व्यवस्था को दुरुस्त कराना मेरी प्राथमिकता: डॉ. अमरेंद्र प्रसाद
सिविल सर्जन ने उम्मीद जताई कि अगले एक से डेढ़ महीने में फायर फाइटिंग सिस्टम चालू कराने की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी. अगले सोमवार को टेंडर खुलने की संभावना है. उन्होंने कहा कि पद संभालने के बाद फायर सेफ्टी व्यवस्था को दुरुस्त कराना उनकी प्राथमिकता रही है, उन्हें कुर्सी संभाले करीब 3 महीने ही हुए हैं. उन्होंने इस व्यवस्था के पहले से दुरुस्त नहीं होने पर पूर्व के अधिकारियों, विशेषकर अस्पताल के उपाधीक्षक की जिम्मेदारी पर भी सवाल उठाए.
विभाग को है जानकारी, पानी वाला व्यवस्था छोड़ आग बुझाने की बाकी सभी व्यवस्था है उपलब्ध
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश कुमार सिंह बताते हैं कि सदर अस्पताल में आग बुझाने की दूसरी व्यवस्थाएं हैं, लेकिन पाइपलाइन के जरिये आग बुझाने की व्यवस्था अभी नहीं है, जिसकी वजह से NoC नहीं मिली है. उन्होंने बताया कि विभाग को इसकी जानकारी दी जा चुकी है.
निजी अस्पतालों पर कार्रवाई, अपने अस्पताल में व्यवस्था अधूरी
यहां विरोधाभास यह है कि सिविल सर्जन उन निजी अस्पतालों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई और पेनाल्टी लगाने की बात कर रहे हैं, जिन्होंने निर्धारित समय में फायर ऑडिट नहीं कराया है. उनका कहना है कि ऐसे अस्पतालों में टीम भेजकर कार्रवाई की जाएगी. वही, सरकारी अस्पतालों के संबंध में उन्होंने बताया कि सदर अस्पताल के अलावा मंडलीय अस्पतालों और सीएचसी प्रभारियों को भी फायर ऑडिट कराकर रिपोर्ट देने के लिए पत्र भेजा गया है.
कौन लेगा सुरक्षा की जवाबदेही ?
लेकिन सवाल यह है कि जिस अस्पताल में खुद सिविल सर्जन उपाधीक्षक खुद बैठते हैं, वहां फायर एनओसी नहीं होने, फायर फाइटिंग सिस्टम चालू नहीं होने और मॉक ड्रिल नहीं होने की स्थिति में मरीजों की सुरक्षा की जवाबदेही कौन लेगा? डेढ़ महीने बाद सिस्टम चालू होने की उम्मीद अपनी जगह है, लेकिन तब तक 8 मंजिला अस्पताल में भर्ती मरीजों की सुरक्षा के लिए तत्काल क्या इंतजाम किए गए हैं? इसका जवाब अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग को देना होगा.