Skip to main content
Home › International › महिला एशियन कप 2027 के लिए भारतीय टीम ने किया क्वालीफाई, गुमला की दीपिका कुमारी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया जिले का मान
GumlaInternationalJharkhand News Desk

महिला एशियन कप 2027 के लिए भारतीय टीम ने किया क्वालीफाई, गुमला की दीपिका कुमारी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया जिले का मान

महिला एशियन कप 2027 के लिए भारतीय टीम ने किया क्वालीफाई, गुमला की दीपिका कुमारी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया जिले का मान

गुमलाः चीन में आयोजित होने वाले एएफसी अंडर-17 महिला एशियन कप 2027 के लिए भारतीय अंडर-17 महिला फुटबॉल टीम ने क्वालीफाई कर लिया है। मलेशिया में 05 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2026 तक आयोजित त्रिकोणीय एएफसी क्वालीफायर प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार तीन मुकाबलों में जीत दर्ज की। इस ऐतिहासिक उपलब्धि में झारखंड की दो बेटियों ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया, जिनमें गुमला स्थित आवासीय बालिका फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र, इंडोर स्टेडियम की दीपिका कुमारी तथा रांची की अनुष्का कुमारी शामिल थीं।

भारतीय टीम ने प्रतियोगिता में अपने पहले मुकाबले में इराक को 14-0 से पराजित किया। दूसरे मुकाबले में सीरिया के विरुद्ध 2-0 से जीत दर्ज की, जबकि तीसरे एवं निर्णायक मुकाबले में मेजबान मलेशिया की टीम को 4-0 से हराकर एएफसी अंडर-17 महिला एशियन कप 2027 के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया। भारतीय खिलाड़ियों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश के साथ-साथ झारखंड और गुमला जिले का गौरव भी बढ़ा है।

गुमला की बेटी दीपिका कुमारी ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर जिले की खेल प्रतिभा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई है। दीपिका के गुमला लौटने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। उनकी इस उपलब्धि से जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है तथा युवा खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है।

इस उपलब्धि पर जिला खेल पदाधिकारी, गुमला ने दीपिका कुमारी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, विद्यालय के प्राचार्य फादर नोवर मिंज, सभी शिक्षकगण तथा जिले के खेल प्रेमियों ने भी दीपिका की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।

दीपिका कुमारी की यह उपलब्धि गुमला जिले में खेल प्रतिभाओं की संभावनाओं को रेखांकित करती है। यह सफलता दर्शाती है कि उचित प्रशिक्षण, निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के माध्यम से जिले की बेटियां भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर सकती हैं। उनकी इस उपलब्धि से जिले की अन्य बालिकाओं को भी फुटबॉल सहित विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा निखारने और देश का प्रतिनिधित्व करने की प्रेरणा मिलेगी।

Share this article