Skip to main content
Home › Tribal › मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए 18 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर लगेगा ‘एक और अवसर कैंप’
LohardagaTribalJharkhand News Desk

मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए 18 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर लगेगा ‘एक और अवसर कैंप’

मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए 18 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर लगेगा ‘एक और अवसर कैंप’

पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक आयोजित होगा विशेष कैंप, ASDD सूची में चिह्नित मतदाताओं को मिलेगा एक और अवसर BLO-BLA-2 की छठी बैठक एवं चुनाव पाठशाला की छठी बैठक भी होगी आयोजित

लोहरदगा:     मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-सचिव, मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग झारखंड सरकार के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत दिनांक 18 नवंबर 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक ‘एक और अवसर कैंप’ का आयोजन किया जाएगा।

इस कैंप का मुख्य उद्देश्य ऐसे पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने का एक और अवसर प्रदान करना है, जिन्हें गणना चरण में गणना प्रपत्र उपलब्ध कराया गया था, लेकिन ASDD सूची में चिह्नित होने के कारण प्रारूप मतदाता सूची में उनका नाम शामिल नहीं हो पाया है।

कैंप के दौरान ASDD सूची में चिह्नित ऐसे पात्र मतदाताओं की पहचान एवं सत्यापन किया जाएगा, जो संबंधित मतदान केंद्र क्षेत्र में सामान्य रूप से निवास कर रहे हैं तथा जिन्होंने अभी तक प्रपत्र-6 नहीं भरा है। संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) द्वारा आवश्यक गणना प्रपत्र एवं Annexure-B अथवा Annexure-C (जो भी लागू हो) संबंधित बूथ लेवल एजेंट (BLA) को उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद संबंधित मतदाताओं से आवश्यक प्रपत्र एवं दस्तावेज प्राप्त किए जाएंगे।

इस दौरान सभी मतदान केंद्रों पर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत BLO-BLA-2 की छठी बैठक एवं चुनाव पाठशाला की छठी बैठक भी आयोजित की जाएगी। साथ ही ASDD सूची का पुनर्प्रकाशन सभी मतदान केंद्रों, पंचायत भवनों, स्थानीय नगर निकाय कार्यालयों एवं संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी/नगर निकाय पदाधिकारी के कार्यालयों में किया जाएगा।

कैंप के दौरान सुनवाई एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अपात्र पाए गए व्यक्तियों की नामवार सूची प्रपत्र-3 में सभी मतदान केंद्रों पर प्रकाशित की जाएगी। संबंधित नामों को बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा उपस्थित सदस्यों के समक्ष पढ़कर सुनाया जाएगा, ताकि आम नागरिकों एवं राजनीतिक दलों से सुझाव एवं आपत्तियां प्राप्त की जा सकें।

जिला प्रशासन ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर इस विशेष कैंप का लाभ उठाएं तथा मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें।

Share this article