Jharkhand Weather Today: झारखंड में इस बार सर्दी ने जल्दी दस्तक दे दी है और लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। गुमला शहर में पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। ठंडी इतनी तेज है कि लोग खासतौर पर रात में छत पर अलाव जलाने को मजबूर हो रहे हैं। नवंबर के दूसरे सप्ताह में इतनी ठंड पड़ना कई लोगों के लिए आश्चर्यजनक है क्योंकि आमतौर पर सर्दी का सबसे ज्यादा असर दिसंबर और जनवरी में होता है। वहीं, चाईबासा में तापमान 31 डिग्री दर्ज किया गया, जो झारखंड के अन्य हिस्सों की तुलना में कहीं ज्यादा गर्म है।
झारखंड के 7 जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट
राज्य सरकार ने झारखंड के सात जिलों में शीतलहर के चलते येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, सिमडेगा और गुमला शामिल हैं। इन जिलों में सुबह और शाम के समय खासकर सात बजे के बाद हवा काफी ठंडी और तेज चलेगी। प्रशासन ने जनता को इस ठंडी हवा से सतर्क रहने के लिए कहा है और आवश्यक इंतजाम करने को कहा गया है। खासकर बुजुर्गों और बच्चों को ज्यादा सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

प्रमुख शहरों का तापमान और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI)
झारखंड के विभिन्न शहरों में तापमान और वायु गुणवत्ता सूचकांक की स्थिति भी चिंता का विषय बनी हुई है। रांची में अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 192 है जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। इसी तरह जमशेदपुर में तापमान 28/12 डिग्री और AQI 154, धनबाद में 28/11 डिग्री और AQI 177, और बोकारो में 26/10 डिग्री तथा AQI 160 रिकॉर्ड किया गया है। वायु प्रदूषण की यह स्थिति लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बनी हुई है।
ठंडी हवा से लोग परेशान, टू व्हीलर सवारों की मुश्किलें बढ़ीं
राज्य में हिमालय की तरफ से आने वाली ठंडी हवा से लोग खासतौर पर परेशान हैं। दिन के समय भी तापमान कम होने के कारण धूप में बैठना मुश्किल हो गया है। खासकर जो लोग टू व्हीलर से यात्रा करते हैं, उन्हें ठंडी हवा और अधिक कष्ट देती है। दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक हवा इतनी ठंडी हो जाती है कि लोग कंपकंपाने लगते हैं। इस ठंड से राहत पाने के लिए लोग गरम कपड़ों और अलाव की मदद ले रहे हैं।
न्यूनतम तापमान में और गिरावट की संभावना
रांची मौसम केंद्र की भविष्यवाणी के मुताबिक, अभी हिमालय क्षेत्र में स्नोफॉल की तीव्रता कम है लेकिन अगले चार दिनों में इसमें वृद्धि होने की संभावना है। इसका असर झारखंड की ठंडी हवा पर पड़ेगा। इससे न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री और गिरावट हो सकती है। फिलहाल जो न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज हो रहा है, वह अगले कुछ दिनों में 6 से 7 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है। इससे सर्दी का प्रकोप और बढ़ जाएगा और लोगों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत होगी।

