Jharkhand News : नगर विकास एवं आवास विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने स्मार्ट सिटी, जल निकासी, पेयजल, अतिक्रमण हटाने और सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर दिए अहम निर्देश
Jharkhand News : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने नगर विकास एवं आवास विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को जनहित से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता देने, शहरी विकास कार्यों में तेजी लाने और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में स्मार्ट सिटी, पेयजल, सीवरेज, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर विशेष जोर दिया गया।
रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने शुक्रवार को नगर विकास एवं आवास विभाग की अद्यतन कार्य प्रगति की उच्च स्तरीय समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनहित से जुड़ी योजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने कहा कि नगर विकास विभाग का मुख्य उद्देश्य सिर्फ सड़क और भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि आम लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना भी है।
बैठक में मुख्यमंत्री ने स्मार्ट सिटी परियोजनाओं, पेयजल आपूर्ति, सीवरेज सिस्टम, यातायात प्रबंधन, कूड़ा निस्तारण और नगर निकायों की आधारभूत संरचनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ समय पर जनता तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
अवैध अतिक्रमण पर सख्ती के निर्देश
मुख्यमंत्री ने शहरों की नदियों, तालाबों, डैम, नालियों और अन्य जलस्रोतों पर हो रहे अवैध निर्माण को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जलस्रोतों पर बने अवैध निर्माणों की पहचान कर नोटिस जारी करें और अतिक्रमण नहीं हटाने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया जाए।
उन्होंने कहा कि जलस्रोतों के किनारे अतिक्रमण पर्यावरण और जल निकासी व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बन रहा है। ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कांके डैम संरक्षण के लिए बने कार्य योजना
मुख्यमंत्री ने राजधानी रांची स्थित कांके डैम के संरक्षण को लेकर विशेष चिंता जताई। उन्होंने डैम क्षेत्र में गिरने वाले नालों को तत्काल बंद कराने और कैचमेंट एरिया की मापी कर घेराबंदी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को जागरूक करना भी जरूरी है ताकि घरों से निकलने वाला गंदा पानी सीधे डैम में न जाए। साथ ही अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि शहरों के प्रत्येक घर तक पाइपलाइन के माध्यम से शुद्ध पेयजल पहुंचे।
स्मार्ट सिटी और डिजिटल मॉनिटरिंग पर जोर
मुख्यमंत्री ने रांची स्मार्ट सिटी परियोजना को गति देने के लिए भूमि अधिग्रहण कार्यों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शहरी विकास योजनाओं में डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम को मजबूत किया जाए ताकि परियोजनाओं की समयबद्धता बनी रहे।
इसके अलावा स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट, आधुनिक शहरी नियोजन तकनीकों और तकनीक आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीकों के उपयोग से बेहतर गुणवत्ता और समय की बचत दोनों संभव है।
रिंग रोड के आसपास विकसित होगी सौर ऊर्जा प्रणाली
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राज्य के सभी रिंग रोड क्षेत्रों के आसपास सोलर पैनल लगाने और सौर ऊर्जा प्रणाली विकसित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अगले 15 दिनों में सोलर पैनल और सोलर स्ट्रीट लाइट से जुड़ा प्रस्ताव कैबिनेट में लाया जाए।
इसके साथ ही रिंग रोड क्षेत्रों में वाटर पाइपलाइन और सीवर लाइन नेटवर्क विकसित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि राज्य में चल रही सभी जलापूर्ति योजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और रेन वाटर हार्वेस्टिंग पर फोकस
मुख्यमंत्री ने शहरी क्षेत्रों के हर घर, सोसाइटी, होटल, अपार्टमेंट और बड़े आवासीय क्षेत्रों में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और वेस्ट वाटर मैनेजमेंट को अनिवार्य बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि लोगों की भागीदारी के बिना स्वच्छ और टिकाऊ शहरों का निर्माण संभव नहीं है। इसलिए जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को इन व्यवस्थाओं से जोड़ा जाए।
झिरी के कचरे के पहाड़ के समाधान पर चर्चा
बैठक में रांची के झिरी क्षेत्र में स्थित लेगेसी वेस्ट (कचरे के पहाड़) के निस्तारण को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने आधुनिक तकनीकों के माध्यम से इस समस्या का समाधान निकालने के निर्देश दिए।
उन्होंने नागरिकों से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करने की अपील करते हुए कहा कि इससे जैविक कचरे से ऊर्जा और खाद तैयार की जा सकेगी जबकि अन्य कचरे का पुनर्चक्रण संभव होगा।
बारिश से पहले तैयारियों के निर्देश
मुख्यमंत्री ने नगर निकायों को बारिश से पहले जलजमाव की स्थायी समस्या का समाधान करने, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त रखने और सड़क किनारे लगे पेड़ों की ट्रिमिंग कराने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
