Jharkhand Naxal Encounter : लगातार सर्च ऑपरेशन के बीच जंगल में गोलीबारी की आवाज से सहमे लोग, सुरक्षाबलों ने बढ़ाई चौकसी
Jharkhand Naxal Encounter : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुवा क्षेत्र स्थित पोड़ाहाट जंगल में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना के बाद सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। बुधवार शाम अचानक हुई फायरिंग से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया।
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुवा प्रखंड अंतर्गत पोड़ाहाट जंगल एक बार फिर नक्सली गतिविधियों के कारण चर्चा में है। बीते कुछ दिनों से नक्सलियों की सक्रियता की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में सघन तलाशी अभियान (एलआरपी) शुरू कर रखा है।
सूत्रों के अनुसार, लोजों पंचायत की पहाड़ियों में नक्सली कमांडर सालुका कायम अपने दस्ते के साथ डेरा डाले हुए हैं। इसी इनपुट के आधार पर सुरक्षाबलों द्वारा लगातार जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते निष्क्रिय किया जा सके।
बुधवार शाम करीब 6 बजे पोड़ाहाट और लोजों पंचायत के कई गांवों के लोगों ने पताहातु गांव के पास जंगल-पहाड़ी से तेज गोलीबारी की आवाज सुनी। ग्रामीणों के मुताबिक करीब आधे घंटे तक लगातार फायरिंग होती रही, जिससे पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि जंगल की ओर से चमकती रोशनी और गोली चलने की आवाज ने उन्हें घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया। कई लोगों ने सुरक्षा के डर से बाहर निकलना भी बंद कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरीय अधिकारी तुरंत पताहातु गांव के आसपास के जंगल क्षेत्र के लिए रवाना हो गए। पूरे इलाके में सुरक्षा बलों की गतिविधि बढ़ा दी गई है और लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
हालांकि, अमित रेणु, पुलिस अधीक्षक चाईबासा ने इस घटना को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस प्रकार की किसी मुठभेड़ की जानकारी नहीं मिली है, लेकिन क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।
पोड़ाहाट जंगल झारखंड का एक संवेदनशील नक्सल प्रभावित क्षेत्र रहा है। यहां पहले भी कई बार सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। घने जंगल और पहाड़ी इलाका होने के कारण यह क्षेत्र नक्सलियों के लिए सुरक्षित ठिकाना माना जाता है।
प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती ग्रामीणों में सुरक्षा का भरोसा कायम रखना है। लगातार हो रही गतिविधियों से स्थानीय लोग भयभीत हैं और सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में सुरक्षाबलों द्वारा इलाके में गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है
फिलहाल इलाके में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं और आने वाले दिनों में ऑपरेशन और तेज किए जाने की संभावना है।
