Jharkhand News: धनबाद समेत झारखंड की बड़ी आबादी की लंबे समय से प्रतीक्षित मांग को आखिरकार पंख लग गए हैं। रेलवे बोर्ड ने धनबाद से लोकमान्य तिलक मुंबई की स्पेशल ट्रेन को नियमित रूप से चलाने की मंजूरी दे दी है। नई ट्रेन का टाइम टेबल भी जारी कर दिया गया है। इससे धनबाद, बोकारो और गढ़वा रोड तक के यात्रियों को सीधे मुंबई तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी। इस ट्रेन का संचालन 13379 धनबाद-लोकमान्य तिलक मुंबई और 13380 लोकमान्य तिलक मुंबई-धनबाद एक्सप्रेस के तहत होगा।
ट्रेन की समय सारिणी और कोच की जानकारी
स्पेशल ट्रेन ने मंगलवार को अंतिम फेरा पूरा किया और गुरुवार को लोकमान्य तिलक से धनबाद के बीच अंतिम फेरा लगाएगी। अप्रैल से यह नियमित ट्रेन के रूप में सोमवार रात 11 बजे धनबाद से और बुधवार को लोकमान्य तिलक से चलेगी। इसमें जनरल के चार, स्लीपर छह, सेकंड एसी दो, थर्ड एसी दो और थर्ड एसी इकोनॉमी छह कोच शामिल होंगे। स्पेशल ट्रेन मंगलवार रात 11 बजे चलकर गुरुवार दोपहर 2:15 बजे लोकमान्य तिलक पहुंचती थी, वहीं नियमित ट्रेन अब 35 मिनट पहले यानी 1:40 बजे पहुंचेगी। वापसी में भी समय में बदलाव किया गया है।
स्टेशन और रूट विवरण
धनबाद-लोकमान्य तिलक मुंबई ट्रेन के मार्ग में कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव होगा। इसमें कतरास, चंद्रपुरा, बोकारो थर्मल, पतरातु, खलारी, लातेहार, डालटनगंज, गढ़वा रोड, रेणुकूट, ओबरा डैम, सिंगरौली, बरगवां, ब्योहारी, खन्ना बंजारी, कटनी साउथ, जबलपुर, नरसिंहपुर, पिपरिया, इटारसी, भुसावल, जलगांव, चालीसगांव, मनमाड, नासिक रोड और कल्याण शामिल हैं। इस रूट से गुजरते हुए यात्रियों को कई शहरों और महत्वपूर्ण केंद्रों से सीधी पहुंच मिलेगी। यह ट्रेन झारखंड के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक और सामाजिक कड़ी साबित होगी।
धनबादवासियों के लिए खुशखबरी
पिछले दो दशकों से नई ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहे धनबादवासियों के लिए यह साल बेहद खास है। 18 जनवरी को धनबाद-हावड़ा आनंदविहार अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू हुई थी। इसके बाद 24 फरवरी को भोपाल से धनबाद और 11 मार्च को पोत्तनूर से धनबाद तक नई ट्रेनें शुरू हुईं। अब अप्रैल से धनबाद से मुंबई के लिए सीधी नई ट्रेन का संचालन नियमित रूप से होगा। सांसद ढुलू महतो ने बताया कि रेलमंत्री से लगातार मिलकर धनबादवासियों की मांग पूरी कराई जा रही है और भविष्य में दिल्ली और बेंगलुरु जैसी दूरस्थ जगहों के लिए भी सीधी ट्रेन की सुविधा सुनिश्चित करने का प्रयास जारी है।
