Jharkhand News: झारखंड के वासेपुर इलाके में गैंगस्टर फहीम खान के बेटे इकबाल खान के ड्राइवर बबली खान उर्फ हैदर अंसारी पर देर रात दो अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग की। यह घटना रमजान के पहले जुमा को तरावीह के दौरान हुई। घायल बबली की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर कर दिया गया। पुलिस इसे फहीम खान और प्रिंस खान के बीच पुरानी रंजिश से जुड़े गैंगवार का हिस्सा मान रही है।
तरावीह के दौरान हुई गोलीबारी
स्थानीय लोगों के मुताबिक रात करीब 11 बजे तरावीह के समय आसपास के लोग मस्जिद में जुटे थे। तभी सामने की दुकान के पास दो संदिग्ध युवक खड़े दिखाई दिए। लोगों ने उनसे पूछताछ की तो बबली खान और एक युवक के बीच कहासुनी व हाथापाई हुई। गुस्साए हमलावर ने कमर से पिस्तौल निकालकर बबली पर गोली चला दी। गोली लगते ही मौके पर भगदड़ मच गई और दोनों आरोपी पैदल कलालीबागान की ओर भाग निकले। घायल को तत्काल असर्फी अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस की कार्रवाई और सुरागों की तलाश
घटना की खबर लगते ही सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और भूली थाना प्रभारी अभिनव कुमार सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घटनास्थल से एक खोखा बरामद हुआ है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है, जिसमें दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए हैं। वासेपुर इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। आरोपियों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
फहीम खान और प्रिंस खान की पुरानी रंजिश
फहीम खान आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं, जबकि उनके भांजे प्रिंस खान के खिलाफ इंटरपोल ने रेड और ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया है। प्रिंस पर रंगदारी, हत्या और अपहरण के 91 मामले दर्ज हैं। पुलिस लगातार उनके गुर्गों को एक-एक कर गिरफ्तार कर रही है। माना जा रहा है कि दुबई में बैठे प्रिंस अपने गुर्गों के जरिए अपराध करवा रहे हैं और पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। इस घटना से इलाके में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर तनाव बढ़ गया है।
