Weather Update: झारखंड की राजधानी रांची सहित आसपास के जिलों में फिलहाल ठंड से कुछ राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को सर्द हवाओं से थोड़ी राहत महसूस होगी। हालांकि यह राहत ज्यादा समय तक टिकने वाली नहीं है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र ने स्पष्ट किया है कि फरवरी के पहले सप्ताह में मौसम का मिज़ाज फिर बदलने वाला है। राजधानी और अन्य जिलों में दिन का तापमान सामान्य के आसपास रहेगा, लेकिन रात के तापमान में उतार चढ़ाव लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। मौसम विभाग ने इसे फरवरी महीने की सामान्य लेकिन अस्थिर प्रवृत्ति बताया है।
मौसम विभाग के मुताबिक 5 फरवरी से 7 फरवरी के बीच न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। इसका सीधा असर ठंड के बढ़ने के रूप में दिखाई देगा। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले दो दिन यानी 3 और 4 फरवरी को न्यूनतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी संभव है। इसके बाद अचानक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इस बदलाव के कारण सुबह और रात के समय ठंड अधिक महसूस होगी। मौसम वैज्ञानिकों ने बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है क्योंकि अचानक तापमान गिरने से स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है।
बीते 24 घंटों के दौरान पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहा। कुछ इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा देखा गया जिससे सुबह के समय दृश्यता प्रभावित हुई। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में दर्ज किया गया जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस गुमला में रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रांची की बात करें तो यहां अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि आने वाले दिनों में भी मौसम शुष्क रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है, हालांकि आंशिक बादल और कोहरा कुछ इलाकों में बना रह सकता है।
मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार रांची में 3 फरवरी को अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 4 फरवरी को अधिकतम 26 और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं 5 और 6 फरवरी को अधिकतम तापमान 26 डिग्री पर स्थिर रहेगा लेकिन न्यूनतम तापमान गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फरवरी के अंत तक इसी तरह का उतार चढ़ाव जारी रहेगा। लगातार बदलते मौसम के कारण लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।

