बॉलीवुड की नई फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने 23 जनवरी, 2026 को रिलीज होते ही दर्शकों का दिल जीत लिया है। देशभर में फिल्म को लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं जिनमें लोग ट्रक, ट्रैक्टर और खुली गाड़ियों से ग्रुप बनाकर सिनेमाघरों तक पहुंच रहे हैं। वहीं, कुछ लोग फिल्म की कास्ट की तस्वीरों पर दूध चढ़ाते भी नजर आ रहे हैं। लेकिन इस बीच एक ऐसा फैन भी सामने आया है, जो करीब 2600 किलोमीटर दूर से ‘बॉर्डर 2’ देखने के लिए भारत आया है।
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से आए इस फैन का नाम शेख हमाद अल रयामी है। वह बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का बड़ा प्रशंसक है। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में दिखाया गया है कि हमाद सबसे पहले सनी देओल से मिले और हाथ मिलाया। इस मुलाकात के बाद उन्होंने बड़े उत्साह के साथ फिल्म देखने की खुशी जाहिर की।
हमाद ने बताया कि मुंबई आकर उन्हें बहुत अच्छा लगा। उन्होंने कहा कि ‘बॉर्डर 2’ देख कर उनकी पुरानी यादें ताजा हो गई हैं। उन्होंने सनी देओल से बात करते हुए खुद को धर्मेंद्र का खास फैन बताया और उनकी फिल्मों के नाम गिनवाए। हमाद ने यह भी उम्मीद जताई कि सनी देओल की इस साल आने वाली 6-7 फिल्में हिट होंगी।
फिल्म ‘बॉर्डर 2’ को अनुराग सिंह ने डायरेक्ट किया है। इस फिल्म में सनी देओल, वरुण धवन, अहान शेट्टी और दिलजीत दोसांझ जैसे बड़े कलाकार हैं। फिल्म भारत-पाकिस्तान के 1971 के युद्ध पर आधारित है और इसी वजह से गल्फ देशों में इसे प्रतिबंधित किया गया है। बावजूद इसके, फिल्म का क्रेज इतना जबरदस्त है कि लोग हजारों किलोमीटर दूर से इसे देखने के लिए भारत आ रहे हैं।
इस वीडियो को सोशल मीडिया पर फैंस खूब पसंद कर रहे हैं और कमेंट्स में प्यार बरसा रहे हैं। ‘बॉर्डर 2’ ने देशभर में अपने दर्शकों के दिलों में खास जगह बना ली है।
