झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ विधायक दशरथ गगराई इन दिनों राजनीति से ज्यादा अपने गाने के कारण चर्चा में हैं। उनका गाया आदिवासी भाषा का गीत ‘नशा चढ़ाबो जान’ सोशल मीडिया और यूट्यूब पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस गाने की देसी धुन, पारंपरिक संस्कृति और फिल्मी अंदाज ने दर्शकों का दिल जीत लिया है।
इस गाने में आदिवासी संस्कृति की झलक साफ देखने को मिलती है। ढोल-मांदर की थाप, पारंपरिक पोशाक और झूमर नृत्य के साथ गीत को सजाया गया है। वहीं, विधायक दशरथ गगराई काले चश्मे में खुली जीप से एंट्री करते नजर आते हैं और ‘नशा चढ़ाबो जान’ की लाइन के साथ गाने की शुरुआत होती है। वीडियो में खूबसूरत मॉडल और अन्य कलाकार भी म्यूजिक की धुन पर थिरकते दिखाई देते हैं। धुएं के छल्ले उड़ाने वाले दृश्य गाने को और भी ग्लैमरस बनाते हैं।
दशरथ गगराई ने बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में हर साल 1 जनवरी को खरसावां गोलीकांड की बरसी मनाई जाती है, जो आदिवासी समाज के लिए एक भावुक और ऐतिहासिक दिन है। इससे पहले भी वे एक लोकगीत गा चुके हैं, जिसे लोगों ने खूब सराहा। इसी वजह से कई म्यूजिक डायरेक्टरों ने उनसे नए गाने के लिए संपर्क किया, जिसके परिणामस्वरूप ‘नशा चढ़ाबो जान’ रिलीज हुआ।
दशरथ गगराई झामुमो के वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं। वे सरायकेला-खरसावां से लगातार तीन बार विधायक चुने गए हैं। 2014 में पहली बार चुनाव जीतने के बाद 2019 और 2024 में भी उन्होंने जीत का सिलसिला जारी रखा। खास बात यह है कि 2024 में उन्होंने बीजेपी के उम्मीदवार जवाहर लाल बानरा को 22,795 वोटों से हराया था।
इस गाने के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर उनके नए अंदाज की खूब तारीफ हो रही है। कुछ लोग इसे राजनीति से हटकर एक नए रूप के रूप में देख रहे हैं, लेकिन इतना तय है कि ‘नशा चढ़ाबो जान’ ने दशरथ गगराई को फिर से सुर्खियों में ला दिया है।
