कहीं भी मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, तस्करी या परिवहन की जानकारी मिलने पर टोल फ्री नंबर 112 अथवा पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 0657-2431028 पर सूचना दें, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
जमशेदपुर: नशे का अवैध कारोबार केवल कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौती नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य और समाज की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री एवं सेवन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन द्वारा पुलिस एवं संबंधित विभागों के समन्वय से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री राजीव रंजन की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय नार्कोटिक्स समन्वय समिति (NCORD) की बैठक में जिले में नशे के विरुद्ध चल रही कार्रवाई एवं रोकथाम के प्रयासों की समीक्षा की गई। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम श्री अर्नव मिश्रा, एसडीएम घाटशिला, डीएसपी पटमदा, स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
उपायुक्त ने कहा कि नशे के विरुद्ध कार्रवाई का दायरा केवल अवैध कारोबार पर रोक लगाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और उन्हें इससे दूर रखने के प्रयास भी समान रूप से जरूरी हैं। उन्होंने शिक्षा विभाग एवं थाना स्तर पर विद्यालयों में संचालित नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने का निर्देश दिया। विद्यार्थियों को नशे के कारण होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं पारिवारिक नुकसान की जानकारी देने पर जोर दिया गया। वहीं, नशे की लत से प्रभावित व्यक्तियों के उपचार, नशामुक्ति एवं पुनर्वास के लिए उपलब्ध सेवाओं को भी सुदृढ़ बनाने की बात कही गई।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से नशे के विरुद्ध इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। कहीं भी मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, तस्करी या परिवहन की जानकारी मिलने पर टोल फ्री नंबर 112 अथवा पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 0657-2431028 पर सूचना दें, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रशासन और पुलिस के साथ-साथ परिवार, शिक्षण संस्थानों एवं आम नागरिकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। समय पर मिली सूचना और सामूहिक सतर्कता से नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के साथ युवाओं को इसके दुष्प्रभावों से बचाने में मदद मिल सकती है।