Skip to main content
Home › Tribal › परिवार, समाज और राष्ट्र की मजबूत आधारशिला हैं महिलाएँ: विधायक भूषण बाड़ा
TribalJharkhand News Desk

परिवार, समाज और राष्ट्र की मजबूत आधारशिला हैं महिलाएँ: विधायक भूषण बाड़ा

परिवार, समाज और राष्ट्र की मजबूत आधारशिला हैं महिलाएँ: विधायक भूषण बाड़ा

कोचेडेगा पेरिस महिला संघ का 24वां वार्षिक जागृति शिक्षा सम्मेलन आयोजित

मडेगा। 

नोर्थ वेस्टर्न गोस्सनर इवेंजेलिकल लूथरेन चर्च छोटानागपुर एवं असम के कोचेडेगा पेरिस महिला संघ का 24वां वार्षिक जागृति शिक्षा सम्मेलन मंगलवार की रात आयोजित किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा उपस्थित हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला संघ की सदस्याओं एवं मसीही धर्मावलंबियों ने भाग लिया। मौके पर विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। महिलाएं परिवार, समाज और राष्ट्र की मजबूत आधारशिला हैं। जब महिलाएं शिक्षित और जागरूक होंगी, तभी परिवार और समाज का सर्वांगीण विकास संभव होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है बल्कि यह व्यक्ति को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने और समाज में सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर प्रदान करती है। विधायक ने कहा कि महिला संघ का इस प्रकार का वार्षिक सम्मेलन महिलाओं को एक मंच पर जोड़ने और उनके भीतर नई ऊर्जा एवं आत्मविश्वास का संचार करने का सराहनीय प्रयास है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से महिलाओं को सामाजिक कुरीतियों, अंधविश्वास, अशिक्षा और भेदभाव के खिलाफ जागरूक किया जा सकता है। उन्होंने महिलाओं से अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा देने तथा बेटा-बेटी में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं करने की अपील की। विधायक ने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, खेल, राजनीति, प्रशासन और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं में भी अपार क्षमता है। जरूरत है उन्हें उचित अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने की। महिला संघ को भी गांव-गांव तक जागरूकता का संदेश पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। विधायक ने सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए आयोजक समिति एवं महिला संघ की सभी सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि समाज में प्रेम, एकता, भाईचारा और सेवा की भावना को मजबूत करने में सामाजिक संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी महिला शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और संगठन की मजबूती पर अपने विचार रखे। सम्मेलन में प्रार्थना, गीत-संगीत और अन्य धार्मिक एवं जागरूकता संबंधी कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को प्रेरित किया गया। मौके पर विधायक ने समाज के कई प्रबुद्ध लोगों को शोल ओढ़कर सम्मानित भी किया। मौके पर कांग्रेस के पंचायत अध्यक्ष निलेश एक्का, समिति के अध्यक्ष विनीता खाखा, उपाध्यक्ष नरमी बारेन एक्का, सचिव लॉलिना बेक, उप सचिव मुक्तिदानी कुजूर, कोषाध्यक्ष सुमन एक्का, प्रचारिका अमृत एक्का सहित भारी संख्या में महिलाएँ उपस्थित थीं।

Share this article