Skip to main content
Home › Politics › कांग्रेस ने दो महान विभूतियों को किया याद
PoliticsJharkhand News Desk

कांग्रेस ने दो महान विभूतियों को किया याद

कांग्रेस ने दो महान विभूतियों को किया याद

पूर्व पीएम इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि व लौहपुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती मनायी

 केरसई/सिमडेगा 

प्रखण्ड कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में शनिवार को देश की पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि और लौहपुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती संयुक्त रूप से मनायी गयी। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने केरसई मुख्यालय स्थित इंदिरा चौक में इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वहीं सरदार वल्लभ भाई पटेल के जयंती के मौके पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया गया। कार्यक्रम में देश की एकता, अखंडता और समाज सेवा पर आधारित विचार रखे गये। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि आज का दिन भारतीय इतिहास में प्रेरणा का दिन है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपने जीवन में अनेक कठिन परिस्थितियों में भी देश को मजबूत दिशा दी। उन्होंने हरित क्रांति, गरीबी हटाओ आंदोलन और महिला सशक्तीकरण जैसे ऐतिहासिक कदम उठाये। उनके निर्णय और नेतृत्व क्षमता ने भारत को आत्मनिर्भरता की राह दिखायी। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत का निर्माण किया। पटेल का अनुशासन और दृढ़ता आज भी हर भारतीय के लिए आदर्श है। मनोज कुमार ने कहा कि कांग्रेस की नीति हमेशा सेवा, त्याग और सबको साथ लेकर चलने की रही है। कांग्रेस पार्टी आज भी संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए समर्पित है। 

इस अवसर विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र कुमार, ओबीसी अध्यक्ष अरविंद यादव, अल्पसंख्यक अध्यक्ष बसारत अंसारी, पूर्व मुखिया बालासियुस खेस्स, पंचायत अध्यक्ष आनंद बिलुंग, मनोहर कुमार, विजय प्रसाद, शम्भू प्रसाद, मनु यादव, जगदीश प्रसाद, राजा यादव, सामेल खाखा, सागर पांडेय, प्रदीप बा, अमन टेटे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

Share this article